समाधान दिवस पर डीएम की उपस्थिति में 214 मामले में से 4 मामलों का निस्तारण
बृजभूषण रजक रिपोर्ट
आजमगढ़ : जिलाधिकारी नागेन्द्र प्रसाद सिंह व पुलिस अधीक्षक त्रिवेणी सिंह की अध्यक्षता में तहसील मार्टीनगंज के सभागार में सम्पूूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जन समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तायुक्त निस्तारण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नही होगी। जन समस्याओं का गुणवत्तायुक्त एवं समयबद्ध निस्तारण शासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर कुल 214 मामले आये, जिसमें से 04 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया तथा शेष 210 मामलों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत करने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को दिए गये। प्राप्त मामलों में राजस्व के 133, पुलिस के 38, विकास के 23, विद्युत के 06, आपूर्ति के 09, जल निगम के 01, सिंचाई के 02, जिला पंचायत के 01, जिला कार्यक्रम के 01 मामले शामिल हैं।
शिकायतकर्ता शमशामुलहक पुत्र जैनुलहक साकिन भादो परगना माहुल तहसील मार्टीनगंज द्वारा अवगत कराया गया है कि प्रार्थी धारा 24 उ0प्र0 रा0 संहिता 2006 के तहत मुकदमा कर गाटा 1245 की पैमाइश करवाया गया, जिसकी पत्थर गड्डी हो चुकी थी, किन्तु सोनमती पत्नी पारस गोलबंदी करके पत्थर उखाड़ के फेंक दे रही हैं, यहां तक की उक्त मुकदमे पर पत्थर गाड़ने का पुनः आदेश हुआ फिर पत्थर गड्डी हुई, दोबारा फिर से पत्थर उखाड़ कर फेंक दिया गया। जिस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम मार्टीनगंज को निर्देशित करते हुए कहा कि उक्त प्रकरण की नियमानुसार कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।
शिकायतकर्ता हरी लाल पुत्र सरजू राम ग्राम अमनावें पो0 महुंजा नेवादा, थाना दीदारगंज तहसील मार्टीनगंज द्वारा अवगत कराया गया है कि प्रार्थी के मकान और चक तक जाने के लिए चकमार्ग सं0 52 जो सड़क से प्रार्थी के चक और मकान तक जाता है, कई बार पैमाइश होने के बाद भी अगल-बगल के चक वाले चक मार्ग नही छोड़ रहे हैं। प्रधान से कहने पर प्रधान कहते हैं कि हमारा विषय चकरोड बनवाना नही है, आप खुद बनवा लें। जिस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार मार्टीनगंज को निर्देशित करते हुए कहा कि चकमार्ग की पैमाइश कर आवश्यक कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता द्वारा जो आवेदन प्राप्त हो रहे हैं, उसमें से ज्यादा मामले भूमि विवाद, पानी की निकासी, ड्रेनेज, रास्ता, चकरोड के हैं। उन्होने कहा कि उक्त मामलों का राजस्व तथा पुलिस के अधिकारी टीम बनाकर संबंधित शिकायतकर्ता के यहां जायें और वहां के प्रबुद्ध नागरिकों से मिलें और उनकी समस्याओं का गुणवत्तापरक निस्तारण करना सुनिश्चित करें। आगे उन्होने कहा कि जिन विभागों के दो या तीन ही शिकायत पत्र प्राप्त हुए, उन संबंधित विभागों के अधिकारी तहसील दिवस समाप्त होने के बाद संबंधित शिकायत का मौके पर जाकर निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
इसी प्रकार जिन विभागों से संबंधित एक भी शिकायतकर्ताओं द्वारा शिकायत नही की गयी है, उस विभागों के अधिकारी तहसील क्षेत्र के किसी भी ब्लाक में जायें और देखें कि वहां पर उनके विभाग द्वारा जो जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं, उसका लाभ जनता को मिल पा रहा है कि नही, या लाभार्थी को क्या समस्या आ रही है।
जिलाधिकारी नागेन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि यदि समस्याओं का निस्तारण प्रारम्भिक स्तर पर ही कर दिया जाए तो जनता को मुख्यालय तक नही जाना पड़ेगा। इसलिए अधिकारीगण प्राथमिकता के आधार पर प्रारम्भिक स्तर पर ही जन समस्या का वास्तविक निस्तारण कर दें।
उन्होने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त हुए मामलों का समय से निस्तारण करना सुनिश्चित करें, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही/शिथिलता क्षम्य नही होगी।
पुलिस अधीक्षक त्रिवेणी सिंह ने पुलिस के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि समस्याआंे के निस्तारण करने मंे किसी प्रकार की लापरवाही न करें, इसे उच्च प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डी0एस0 उपाध्याय, पीडी अभिमन्यु सिंह, डीडीओ रवि शंकर राय, डीसी मनरेगा बीबी सिंह, डीसी एनआरएलएम बीके मोहन, उप कृषि निदेशक डाॅ0 आरके मौर्य, बीएसए देवेन्द्र कुमार पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी देवमणि मिश्र, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार यादव, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी साहित्य निकष सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी विकास वर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी बीएल यादव, उप जिलाधिकारी मार्टीनगंज आशा राम, तहसीलदार मार्टीनगंज प्रेम प्रकाश राय सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



No comments