पहली बारिश में ही सड़कों पर बने गड्ढे ने राहगीरों की बढ़ायी मुसीबत
बृजभूषण रजक रिपोर्ट
आजमगढ़ : मेंहनगर तहसील क्षेत्र के चिरैयकोट-खरिहानी सम्पर्क मार्ग इस मौसम की पहली बरसात में ही किसी गरीब के कम्बल की तरह कट फट गया है। हालाँकि इस मार्ग पर विगत लोकसभा चुनावों के दौरान पैबन्द लगाये गये थे किन्तु अब लगभग दस किलोमीटर लम्बे इस मार्ग पर पर गड्ढे नही बल्कि गड्ढो में सड़क वाली स्थिति हो गई है। जिसकी वजह से आये दिन राहगीरों को दुर्घटना का सामना करना पड़ता है। एक से ढाई फीट गहरे गड्ढों में पानी भर जाने के कारण अक्सर वाहन चालक गिरते हैं चोटिल होते हैं। प्रशासन आँखें मूंदे बरसात की रिमझिम फुहारों का आनंद लेने में मग्न है। यह सड़क लगभग पचास गावों को आजमगढ़-गाजीपुर और आजमगढ़-मेहनगर मुख्य मार्ग से जोड़ती है। जिसके कारण हजारों लोग खरीददारी, चिकित्सा एवं व्यापार आदि के लिये इस सड़क मार्ग का दैनिक उपयोग करते हैं। मुख्य रुप से इस सड़क पर दो बाजार हैं बोगरिया और रासेपुर। दोनों ही बाजारों में लोगों का पैदल चलना भी दुश्वार है। इसके अतिरिक्त होलपुर ग्रामसभा से लेकर मंगई नदी पुल एवं बोगरिया से महगूगंज के बीच आये दिन खराब रास्तों और गड्ढों की वजह से दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ता है। बताते चलें कि क्षेत्र के अश्विनी तिवारी, विपिन सिंह, शशि बिन्द कुमार, सत्यदेव, संतोष कुमार, अब्बास अली हैदर आदि ने प्रशासन की शिथिलता पर आक्रोश व्यक्त करते हुए इस मार्ग को जल्द से जल्द ठीक कराने की माँग की है। अन्यथा क्षेत्र की जनता को व्यापक आन्दोलन के लिये बाध्य होना पड़ेगा।


No comments