अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विकास खण्ड, तहसील मुख्यालय व समस्त थानों पर योग कराने का निर्देश
बृजभूषण रजक रिपोर्ट
आजमगढ़ : जिलाधिकारी नागेन्द्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पंचम अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून 2019) को सफल बनाने हेतु बैठक सम्पन्न हुई। योग पखवाड़ा दिवस 15 जून से 30 जून 2019 तक मनाया जाना है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के प्रत्येक विकास खण्डों तथा तहसील मुख्यालय के साथ-साथ समस्त थानों पर योग कराने के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देश दिये। उन्होने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिये कि स्कूलों में भी योग दिवस के अवसर पर योग करायें। इसी के साथ ही साथ उन्होने डीआईओएस तथा बीएसए को निर्देश दिये कि स्कूलों में पूरे साल योग कराने के लिए एक कार्ययोजना तैयार करें।
उन्होंने बताया कि सुखदेव पहलान स्पोर्ट्स स्टेडियम में 21 जून 2019 को पंचम अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जायेगा। उन्होने बताया कि योगा का कार्यक्रम सुबह 5ः00 बजे से 7ः00 बजे तक चलेगा। उन्होंने कोतवाल को निर्देश देते हुए कहा कि एसकेपी इण्टर कालेज में गाड़ियों के पार्किंग के लिए कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। उन्होंने जनपदवासियों से अपील किया है कि 21 जून को योग दिवस के अवसर पर योग करने हेतु स्वयं तथा अपने परिवार के साथ प्रतिभाग करें। उन्होने अपील किया कि महिलाएं भी योग दिवस के अवसर पर योग करने हेतु ज्यादा से ज्यादा संख्या में प्रतिभाग करें।
जिलाधिकारी ने रोटरी क्बल, व्यापार मण्डल, शिक्षक संघ, बार एसोसिएशन, कर्मचारी संगठन, छात्र यूनियन, आॅटो रिक्शा यूनियन, किसान संगठन, लाॅयन्स क्बल, गायत्री युवा प्रकोष्ठ, आर्ट आॅफ लिविंग, पूर्वांच्चल विकास आंदोलन, भारत रक्षा दल, भारत विकास परिषद, महिला मण्डल, नारी सशक्तीकरण संस्थान, निर्भया संगठन, सर्राफा मण्डल, एलपीजी गैस एसोसिएशन, नेहरू युवा केन्द्र, होटल एसोसिएशन, इण्डियन मेडिकल एसोसिएशन, राजनैतिक दल, सभी विभागों के विभागाध्यक्ष, पुलिस विभाग, सभी कर्मचारियों से अपील किया है कि योग दिवस के अवसर पर उपस्थित रहें।
महिला संगठन के प्रतिनिधि द्वारा बताया गया कि परिवार में सुबह-सुबह नाश्ता बनाना रहता है, जिस कारण महिलाएं घर से बाहर नही निकल पाती हैं, जिससे महिलाएं योग दिवस पर चाह कर भी प्रतिभाग नही कर सकती हैं। यदि परिवार के सदस्य योग दिवस के दिन नाश्ता 11ः00 बजे के बाद करें तो योग दिवस पर अधिक से अधिक संख्या में महिलाओं की भागीदारी हो सकती है। जिस पर जिलाधिकारी ने जनपद के जन सामान्य से अपील किया है कि योग दिवस पर महिलाओं की अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने हेतु परिवार के सदस्यगण योग दिवस में सुबह 5ः00 बजे से 7ः00 बजे तक योगा करने बाद ही 11ः00 बजे के बाद नाश्ता करें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डी0एस0 उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेन्द्र सिंह, एसपी सिटी कमलेश बहादुर सिंह, स्वयं सेवी संगठनों के प्रतिनिधि, जनपद के प्रबुद्ध एवं गणमान्य व्यक्ति तथा सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।



No comments