जिलाधिकारी ने अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल का किया औचक निरीक्षण
बृजभूषण रजक रिपोर्ट
आजमगढ़ : जिलाधिकारी नागेन्द्र प्रसाद सिंह द्वारा निकट डीएवी कालेज स्थित निराश्रित/आवारा पशुओं के लिए संचालित अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल में पशुओं के लिए बन रहे शेड, पशुओं के गोबर एकत्रित करने के लिए बन रहे टैंक, भूसा, पानी, बिजली आदि व्यवस्थाओं को देखा गया।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियन्ता नगर पालिका आजमगढ़ को निर्देश दिये कि पशुओं के बन रहे शेड को आज शाम तक पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जानवरों के गोबर से वर्मी कम्पोस्ट आदि भी बनाने की प्रक्रिया शुरू करें। इस अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल में 40 जानवरों को रखा जा सकता है। उन्होने अधिशासी अभियन्ता नगर पालिका आजमगढ़/प्रभारी सीवीओ को निर्देश दिये कि अभी पशुओं की संख्या कम है, इसे जल्द से जल्द बढ़ाना सुनिश्चित करें।
इसी के साथ ही जिलाधिकारी ने प्रभारी सीवीओ को निर्देश दिये कि जनपद में जितने भी अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल चल रहे हैं, उसमें पशुओं के लिए शेड, भूसा, पानी, बिजली आदि की व्यवस्था जल्द से जल्द कराना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डी0एस0 उपाध्याय, ईओ नगर पालिका आजमगढ़ वीरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, प्रभारी डिप्टी सीवीओ, जिला सूचना अधिकारी डाॅ0 जितेन्द्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे।



No comments