अब हम आजमगढ़ी हो गए
आजमगढ़ रिपोर्ट
आजमगढ़ : सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने पहुंचकर जनता का आभार जताया। जिले की सदर लोकसभा सीट से चुनाव जीतने के बाद अखिलेश यादव ने आईटीआई मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। नवनिर्वाचित सांसद के आगमन पर सपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि कन्नौज-इटावा नहीं अब आजमगढ़ मेरी पहचान है। संसद में जब भी बोलने का मौका मिलेगा तो लोग मुझे आजमगढ़ के सांसद के रूप में संबोधित करेंगे। अब हम आजमगढ़ी हो गए हैं। आगे जीत मिले या ना मिले लेकिन यह रिश्ता अब कभी टूटने वाला नहीं है।
आगे कहा कि आजमगढ़ से रिश्ता कोई नया नहीं है। देखा जाए तो मैने अपनी असली राजनीति की शुरूआत ही यहां से की है। 2012 के चुनाव के पहले मुझे आजमगढ़ के लोगों ने बुलाया और मैने यहां तीन दिनों तक रह कर लोगों के बीच जाकर अपील की। लोगों ने मुझे सिर-आखों पर बैठाया और यहां की 9 सीटों पर समाजवादी पार्टी उम्मीदवारों को जिता कर विधानसभा में भेजने का काम किया।
मंच से अपने जीत का प्रमाण पत्र दिखाते हुए कहा कि 23 को चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद जब प्रमाण पत्र मुझे मिला तो मैने घर पर इसे किसी को नहीं दिखाया। मैने तय कर लिया था कि आजमगढ़ की जनता ने मुझे जीत दर्ज कराई है और यह प्रमाण पत्र पहले आजमगढ़ की जनता को दिखाने के बाद ही किसी को दिखाउंगा।
सपा मुखिया ने कहा कि यह जीत मेरी नहीं, आजमगढ़ की जनता की जीत है। यहां के कार्यकर्ताओं की जीत है, जिन्होंने हर तरह के दबाव को झेलने के बाद भी हर बूथ पर मुझे जीत दिलाने का काम किया। इस चुनाव में लड़ाई कुछ दूसरे प्रकार की थी, जिसे हम समझ नहीं पाए, क्योंकि ध्यान हटाने की ताकत हमारे पास नहीं है। वह तो सिर्फ भाजपा के पास है, जिसमें वह सफल भी रही।



No comments