Breaking Reports

जच्चा-बच्चा की मौत पर परिजनों ने अस्पताल पर किया जमकर हंगामा



आजमगढ़ रिपोर्ट 
आजमगढ़ : शहर के ब्रह्मस्थान स्थित मार्डन हास्पिटल में गुरुवार की भोर में लगभग पांच बजे जच्चा-बच्चा की मौत होने पर परिजनों ने डाक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हास्पिटल के बाहर जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मृत प्रसूता का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 
   मिली जानकारी के मुताबिक जनपद गोरखपुर के बड़हलगंज थाने के चुल्लूपार गांव निवासिनी 25 वर्षीया पूनम पत्नी अनिल का मायका शहर कोतवाली के कालीनगंज मोहल्ले में कदमघाट पर है। पूनम गर्भवती होने पर डिलीवरी के लिए अपने पति के साथ ससुराल से मायके कदमघाट निवासी अपने पिता महेंद्र सोनकर के घर आई थी। बुधवार की शाम को परिजनों ने उसे डिलेवरी के लिए शहर के ब्रह्मस्थान स्थित मार्डन हास्पिटल में भर्ती कराया था। देर रात में इलाज के दौरान अचानक हालत बिगड़ गई। गुरुवार को भोर में लगभग पांच बजे जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। मौत होते ही परिजन हंगामा करने लगे। पति अनिल का आरोप है कि रात में हालत बिगड़ने पर डाक्टर से रेफर करने के लिए कहा गया। इसके बाद भी रेफर नहीं किया। समय रहते रेफर कर दिए होते, तो दूसरी जगह जच्चा-बच्चा को बचा लिया गया होता। आरोप लगाया कि डाक्टर की लापरवाही से जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। अस्पताल पर हंगामा होते ही डाक्टर के साथ ही कर्मचारी भी हास्पिटल पर ताला बंद कर वहां से चले गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से तहरीर लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने डाक्टर सहित स्टाफ के खिलाफ अनिच्छित हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।


No comments