अस्पताल में क्वारंटीन के लिए रखे गए 40 यात्री भागे
आजमगढ़ : जिले के अतरौलिया स्थित सौ शैय्या वाले अस्पताल में क्वारंटीन के लिए रखे गए 40 यात्री सोमवार की रात खिड़की-दरवाजा तोड़कर भाग गए। सूचना मिलने पर मंगलवार सुबह डीएम और एसपी ने मौका का निरीक्षण किया।
तीन-चार दिनों में जिले में बाहर से लगभग तीन हजार लोग रोडवेज बसों से आए। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे ने बाहर से आए लोगों को गांव भेजने के बजाय क्वारंटीन करने की व्यवस्था कराई। इसके लिए अतरौलिया अस्पताल, फार्मेसी कालेज जैगहा, नवनीत विद्यालय बघावर में क्वारंटीन सेंटर स्थापित किए गए।
सोमवार को 120 यात्रियों को अतरौलिया अस्पताल में 14 दिन क्वारंटीन के लिए रखा गया था। यहां से रात में 40 लोग अस्पताल के दरवाजे-खिड़की तोड़ कर भाग गए। यहां तैनात पुलिस कर्मियों को भी लोगों के भागने की जानकारी नहीं हुई। सूचना पर डीएम एनपी सिंह और एसपी त्रिवेणी सिंह मंगलवार को अस्पताल पहुंचे।
उन्होंने भागे लोगों के बारे में जानकारी लेने के साथ ही अस्पताल को पहुंचे नुकसान का भी जायजा लिया। क्वारंटीन सेंटर का निरीक्षण कर वहां रखे गए 80 लोगों के लिए की गई व्यवस्था की जानकारी ली। डीएम ने निर्देश दिया कि यहां के सभी लोगों को ब्लाक व गांव स्तर पर तैयार किए जा रहे क्वारंटीन सेंटरों में रखा जाए।
डीएम ने कहा कि यदि कोरोना के कोई लक्षण नहीं मिलते है तो लोगों को सम्मानपूर्वक घर भेज दिया जाएगा।
चिकित्सा अधीक्षक यह सुनिश्चित करें कि मरीजों की देखरेख और उनके खान-पान की व्यवस्था को समय से करायें एवं उनको किसी भी प्रकार की कोई समस्या नही होनी चाहिए।

No comments