टेलीकॉम कम्पनियों ने बढ़ाया उपभाक्ताओं की वैधता
रिलायंस जियो ने 'जियो फोन' उपभाक्ताओं की वैधता 17 अप्रैल तक बढ़ा दी है। अब ग्राहकों को बात करने के लिए 100 मिनट की कॉलिंग और 100 मुफ्त एसएमएस भी मिलेगी। कंपनी ने एक बयान में कहा कि ऐसे ग्राहकों की वैधता खत्म होने के बावजूद उन्हें इनकमिंग कॉल की सुविधा मिलती रहेगी। कोरोनावायरस (Coronavirus) के सामुदायिक फैलाव को रोकने के लिए सरकार ने देशभर में 21 दिन का लॉकडाउन किया है। ऐसे में कई लोगों को विशेषकर गरीबों को अपने फोन रिचार्ज करने में दिक्कतें आ रही हैं। कंपनी ने कहा कि ऐसे लोगों की जरूरत को विशेष तौर पर ध्यान में रखते हुए वैधता बढ़ाने का फैसला किया गया है।
इससे पहले भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) ने सभी कंपनियों से प्रीपेड ग्राहकों की वैधता बढ़ाने के लिए कहा था। सरकारी क्षेत्र की बीएसएनएल और एमटीएनएल ने 20 अप्रैल और एयरटेल ने 17 अप्रैल तक वैधता बढ़ाने की घोषणा की है। इसके अलावा तीनों कंपनी अपने ग्राहकों को 10 रुपये का मुफ्त टॉकटाइम भी दे रही हैं।

No comments