Breaking Reports

जिलाधिकारी व जज ने कारागार का निरीक्षण किया


आजमगढ़ : सोमवार को जिला जज के नेतृत्व में अधिकारियों ने जिला कारागार का निरीक्षण किया। त्रैमासिक निरीक्षण में कोई भी आपत्तिजनक सामान बरामद न होने पर जेल के अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
   जिला जज प्रमोद कुमार शर्मा के नेतृत्व में सुबह लगभग साढ़े दस बजे जिलाधिकारी एनपी सिंह, एसपी प्रो. त्रिवेणी सिंह जिला कारागार का निरीक्षण करने कारागार पहुंचे। उन्होंने जेल के सभी बैरकों के साथ ही बंदियों की भी तलाशी ली। मशक्कत के बावजूद आपत्तिजनक सामान नहीं मिले। तत्पश्चात अधिकारियों ने जेल अस्पताल, भोजनालय, कैंटीन, बैरकों की कोरोना वायरस से बचाव को लेकर की गयी व्यवस्था के साथ ही साफ-सफाई को भी देखा। जिला जज ने जेल परिसर के साथ ही सभी बैरकों की सफाई व बंदियों को सैनिटाइजर व साबुन से बराबर हाथ की धुलाई कराने का आदेश दिया। उन्होंने बंदियों से भी मिलकर भोजन आदि के बारे में जानकारी हासिल की। लगभग डेढ़ घंटे के निरीक्षण के बाद डीएम व एसपी पहले ही जेल से निकल कर रवाना हो गए। उनके आधा घंटा बाद जिला जज जेल से बाहर निकले। निरीक्षण के दौरान उक्त अधिकारियों के अलावा एडीजे तृतीय एसएन पांडेय, प्रभारी सीजेएम श्रद्धा त्रिपाठी, एसपी सिटी पंकज कुमार पांडेय, सीओ सिटी इलामारन जी, जेल अधीक्षक आरके मिश्र के अलावा जेल के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

No comments