Breaking Reports

स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही, मास्क व सैनिटाइजर की कमी से जूझ रहे चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी


आजमगढ़ :  जिले के अस्पतालों में मास्क, सैनिटाइजर और कोरोना से बचाव के अन्य संसाधन उपलब्ध न होने से तैनात डॉक्टरों व कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है। कई डॉक्टरों ने स्वास्थ्य विभाग की इस दुर्व्यवस्था की शिकायत भाजपा जिलाध्यक्ष से की। चिकित्सकों से हुई वार्ता का ऑडियो भाजपा जिलाध्यक्ष ने वायरल कर दिया है। इसे लेकर स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है।
      वायरल ऑडियो में भाजपा जिलाध्यक्ष कह रहे हैं कि सीएमओ ने उन्हें फोन पर बताया था कि तीन हजार मास्क डॉक्टरों व कर्मचारियों के लिए सभी सीएचसी-पीएचसी पर उपलब्ध करा दिए गए है। वहीं, इसी आडियो में तरवां क्षेत्र के कई डॉक्टर भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह से यह शिकायत कर रहे हैं कि उन्हें अब तक विभाग ने किसी भी प्रकार की सुविधा नहीं उपलब्ध कराया है। प्रतिदिन मरीज आ रहे हैं, जिन्हें हम बिना ग्लब्स व मास्क के ही देख रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष ने सरकारी डॉक्टरों के साथ ही वार्ता के ऑडियो को वायरल कर दिया है। ऑडियो वायरल होते ही स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है।
    सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि संसाधन की कमी जरूर है लेकिन लगातार बाहर से सामान मंगाए जा रहे हैं और उन्हें सभी सीएचसी, पीएचसी व अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं डिप्टी सीएमओ व स्टोर इंचार्ज डॉ. संजय ने बताया कि पहले तीन हजार मास्क आए थे जिसे सभी अस्पतालों पर 50-50 पीस भेजा गया। इसके साथ ही सीएचसी पर छह सेनेटाइजर, ग्लब्स, ब्लीचिंग पाऊडर, फिनायल आदि भी पर्याप्त मात्रा में भेजे गये। वर्तमान में पुन: 15 हजार मास्क आया है, जिसे वितरित कराने की तैयारी चल रही है। जहां तक शिकायत की बात है तो आरबीएसके के तहत तैनात कुछ डॉक्टर ऐसा कर रहे हैं। लेकिन उन्हें यह सोचना चाहिए कि महामारी का दौर चल रहा है और संसाधन की कमी है। फिर भी महकमा अपने सभी कर्मियों को सुरक्षा मुहैया कराने की कवायद में जुटा हुआ है।

No comments