जिलाधिकारी ने अपने फैसले को लिया वापस, रविवार को सभी बैंक बंद रहेंगे
आजमगढ़ : जिलाधिकारी नागेन्द्र प्रसाद सिंह ने अपने फैसले को वापस लेते हुए रविवार 5 अप्रैल को सभी बैंकों को बंद करने का आदेश दिया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कोरोना के संक्रमण से बचाव हेतु समस्त गतिविधियां 14 अप्रैल तक लॉकडाउन घोषित की गई हैं। कोरोना से बचाव हेतु हुए लाकडाउन के कारण त्वरित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराये जाने, सरकारी लेन-देन, राहत पैकेज राशि, किसानों, जनधन महिला लाभार्थियों, मनरेगा श्रमिकों, निर्माण श्रमिकों आदि के दृष्टिगत रखते हुए सभी बैंक शाखाओं में ग्राहकों को सुचारू रूप से लेन-देन की सुविधा के दृष्टिगत रविवार को जनपद के सभी बैंकों की शाखाएं खोले जाने हेतु आदेश निर्गत किया गया था। चूंकि प्रदेश शासन द्वारा दिनांक 6अप्रैल सोमवार को महावीर जयन्ती तथा 10 अप्रैल शुक्रवार को गुड फ्राईडे को निगोशिएबुल इन्स्ट्रूमेंन्ट एक्ट, 1881 के अधीन घोषित सार्वजनिक अवकाश को निरस्त करने का निर्णय लिया गया है। इसलिए 6 और 10 अप्रैल को समस्त बैंक सामान्य कार्य दिवसों की भांति खुले रहेंगे। ऐसी स्थिति में जिलाधिकारी द्वारा रविवार को जनपद के सभी बैंक शाखाओं को खोले जाने का आदेश वापस ले लिया गया है।

No comments