शिक्षक की गोली मारकर हत्या, तीन हिरासत में
आजमगढ़ : जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में आपसी विवाद को लेकर गुरुवार की सुबह दो पक्षों के बीच लाठी डंडा से मारपीट हुई। मारपीट के दौरान लाइसेंसी बंदूक से 55 वर्षीय अध्यापक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं
लाठी के हमले में तीन अन्य लोग घायल हो गए।
बिलरियागंज थाना क्षेत्र के खानपुर भगतपट्टी गांव निवासी 55 वर्षीय रामानुज सिंह पुत्र पारस सिंह का अपने पट्टीदार राजीव सिंह पुत्र सत्यदेव सिंह से रास्ता को लेकर विवाद चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गुरुवार की सुबह लगभग साढ़े सात बजे इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के दौरान लाठी डंडा से मारपीट होने लगी। मिली जानकारी के मुताबिक राजीव सिंह ने अपने चाचा सत्यनरायन सिंह की लाइसेंसी एक नाली बंदूक से रामानुज को गोली मार दी। गोली से घायल रामानुज की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। वहीं लाठी के हमले से तीन अन्य लोग घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है। रामानुज पेशे से शिक्षक है। हत्या की खबर मिलते ही एसपी प्रो. त्रिवेणी सिंह, सीओ बूढ़नपुर शीतला प्रसाद, बिलरियागंज थानाध्यक्ष मनोज सिंह भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक बरामद कर मुख्य आरोपित राजीव सिंह समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया गया है।

No comments