जिलाधिकारी ने धान क्रय केन्द्र का किया निरीक्षण, प्रतिदिन खरीद करने के दिये निर्देश
आजमगढ़ : जिलाधिकारी राजेश कुमार द्वारा आज शुक्रवार को तहसील मेंहनगर में साधन सहकारी समिति विशुन रघुनाथपुर के धान क्रय केन्द्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि इस क्रय केन्द्र पर स्थित दोनों गोदाम में धान क्रय करके रखा गया है, किन्तु उठान न होने के कारण धान खरीद प्रभावित हो रही है। जिस पर जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय प्रबंधक, पीसीएफ को दूरभाष के माध्यम से निर्देश दिये कि इस गोदाम सहित सभी गोदामों से धान की उठान अविलम्ब सुनिश्चित करायें, ताकि धान खरीद का कार्य प्रभावित न हो सके।
निरीक्षण के दौरान केन्द्र पर शैलेन्द्र सिंह द्वारा 40 क्विंटल, रमाशंकर द्वारा 60 क्विंटल धान विक्रय हेतु उपस्थित थे। जिलाधिकारी द्वारा उक्त से बातचीत करने पर बताया गया कि किसी प्रकार समस्या नहीं है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि 26 नवम्बर 2020 को 90 क्विंटल धान खरीद की गयी थी। धान क्रय केन्द्रों पर प्रतिदिन 300 क्विंटल धान क्रय किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, किन्तु यहां पर एक भी दिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप धान की खरीद नहीं की गयी है। स्पष्ट है कि केन्द्र प्रभारी द्वारा निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष धान खरीद में कोई रूचि नहीं ली जा रही है। जिस पर जिलाधिकारी ने जिला खाद्य विपणन अधिकारी को निर्देश दिये कि उक्त केन्द्र प्रभारी सहित सभी केन्द्र प्रभारियों को निर्देशित करें कि निर्धारित लक्ष्य सापेक्ष धान की खरीद प्रतिदिन करना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर ज्वाईंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर गौरव कुमार, उप जिलाधिकारी मेंहनगर प्रियंका प्रियदर्शी उपस्थित रहे।

No comments