पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में बरामद किये पटाखे
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शहर के मुकेरीगंज में कई स्थानों पर अवैध रुप से आबादी के बीच पटाखों का भंडारण किया गया है। इस सूचना पर पुलिस विभाग एसपी के निर्देश पर सक्रिय हो गया। रविवार की रात नौ बजे अचानक ही शहर कोतवाली पुलिस मुकेरीगंज में पहुंच गई और कई मकानों पर छापा मारा। मुकेरीगंज मुहल्ले में तीन जगहों पर भारी मात्रा में अवैध रुप से भंडारण किए गए पटाखे बरामद हुए। पटाखों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
एसपी सुधीर कुमार सिंह के अनुसार, आबादी के बीच अवैध रुप से पटाखा स्टोर करने से हादसे की आशंका होती है। मुकेरीगंज मुहल्ले में पूर्व में पटाखों के चलते बड़ा हादसा हो चुका है। इसके बाद भी इस मुहल्ले में पटाखों के अवैध भंडारण की सूचना मिली। भारी मात्रा में पटाखे बरामद भी हुए हैं लेकिन अभी कार्रवाई जारी होने के चलते सही आंकड़ा बता पाना संभव नहीं है। कार्रवाई पूर्ण होने के बाद पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जायेगी। अवैध कारोबार के स्त्रोत के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस छानबीन कर जड़ तक पहुंचकर कानून से खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।

No comments