पुलिस टीम पर फायर कर भाग रहा थाने का टाप 10 अपराधी गिरफ्तार
आजमगढ़ : तहबरपुर थाना क्षेत्र में थाने का टाप 10 अपराधी व पुलिस के बीच हल्की मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस ने शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में अपराधी की गोली से एक कांस्टेबल बाल-बाल बच गये।
तहबरपुर थाने की पुलिस आज सोमवार को क्षेत्र में मौजूद थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि स्थानीय थाने का टाप 10 अपराधी भगवान सिंह यादव पुत्र शोभा यादव ग्राम पठखौली थाना तहबरपुर किसी आपराधिक घटना को कारित करने के लिए ढढनी नहर पुलिया के पास मौजूद है। वह अपने किसी साथी का इन्तजार कर रहा है। इस सूचना पर तत्काल पुलिस टीम ढढनी नहर पुलिया पर पहुँची। वहां एक व्यक्ति नहर पुलिया के पास खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को आता हुआ देख दाहिने तरफ तेजी से मुड़कर जाने लगा। पुलिस बल के द्वारा आवाज देकर रोकने की कोशिश की गयी तो तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम द्वारा पीछा किया गया तो पीछे मुड़कर जान से मारने की नियत से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। गोली कांस्टेबल पप्पू कुशवाहा के बालो को छुती हुई निकल गयी। दुबारा जब तक फायर करने का प्रयास करता कि आवश्यक बल का प्रयोग करते हुए पुलिस ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार व्यक्ति के पास से पुलिस ने एक तमंचा 315 बोर, एक जिन्दा कारतूस व एक खोखा कारतूस 315 बोर बरामद किया। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर स्थानीय थाने पर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार अपराधी भगवान सिंह यादव पर आधा दर्जन से अधिक अपराधिक मामले दर्ज हैं।

No comments