हर्ष फायरिंग में युवक को लगी गोली, दो गिरफ्तार
निजामाबाद थाना क्षेत्र के सेमरी निवासी विक्रम यादव पुत्र कल्पनाथ यादव ने शादी के निमंत्रण में स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम अहमदाबाद में गये खुद के पुत्र को अज्ञात व्यक्ति द्वारा हर्ष फायरिंग करते समय गोली लग जाने के सम्बन्ध में स्थानीय थाने पर मुकदमा पंजीकृत कराया गया था। पुलिस की छानबीन में दो अभियुक्त अमरजीत यादव उर्फ आल्हा यादव पुत्र रामअवध यादव निवासी अहमदाबाद थाना निजामाबाद व राजकुमार गौड़ पुत्र छागुर गौड़ निवासी रेवरापरवेजपुर थाना निजामाबाद का नाम प्रकाश में आया।
निजामाबाद थाने की पुलिस सेन्टरवा बाजार में मौजूद थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम अहमदाबाद में चन्द्रजीत यादव के घर पर बारात में फायरिंग करने से संतोष यादव घायल हो गया था। इस घटना से सम्बन्धित अभियुक्तगण कही भागने के फिराक में खपड़ा गांव चौराहे के पास छिपकर खड़े है। इस सूचना पर विश्वास करके क्षेत्र में मौजूद पुलिस टीम खपड़ा गांव चौराहा के पास पहुँचें। उक्त व्यक्तियों की तरफ पुलिस टीम आगे बढ़ी। पुलिस को अपनी तरफ आता देख दोनों व्यक्ति मौके से भागने का प्रयास करने लगे, तभी पुलिस टीम ने दोनों व्यक्तियों अमरजीत यादव उर्फ आल्हा यादव व राजकुमार गौड़ को घेर कर पकड़ लिया। पकडे गये दोनों व्यक्तियों के पास से एक-एक अवैध तमंचा 315 बोर व एक-एक अवैध जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त अमरजीत यादव ने बताया कि मै व मेरे दोस्त राजकुमार गौड़ इसी तमंचे से फायर कर रहे थे कि चन्द्रजीत यादव के रिश्तेदार सन्तोष यादव को गोली लग गयी।

No comments