पुलिस मुठभेड़ में गाय की तस्करी करने वाले दो गिरफ्तार, चार फरार
एसपी सुधीर कुमार सिंह के निर्देश पर बिलरियागंज थाने की पुलिस आज बृहस्पतिवार को नसीरपुर बाजार में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर ने बताया कि कुछ लोग तीन मोटरसाइकिल से जगमलपुर मोड़ के आगे सुनसान स्थान पर इकट्ठा है। यह लोग रात्रि में पिकअप से गोवंशीय पशुओं को चोरी छुपे लादकर वध हेतु बिहार ले जाते है। इस सूचना पर थानाध्यक्ष बिलरियागंज अपनी टीम के साथ जगमलपुर पहुँचे कि थोड़ी देर बाद जगमलुपर की तरफ से तीन मोटरसाइकिल पर दो-दो व्यक्ति बैठकर आते हुए दिखाई दिये। मोटरसाइकिल सवार व्यक्तियों को पुलिस टीम द्वारा रूकने का इशारा किया तो पुलिस से घिरता देख उन्होंने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस टीम द्वारा अपना बचाव करते हुए दो व्यक्तियों को घेरकर गिरफ्तार किया गया तथा चार व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहे। पकड़े गये व्यक्तियों में से एक ने अपना नाम मो0 साजिद पुत्र मो0 अबुजैश निवासी अण्डाखोर टिकरिया थाना बिलरियागंज तथा दूसरे ने अपना नाम मो0 यासिन पुत्र कमर अहमद निवासी कामिलगंज थाना बिलरियागंज बताया। मौके पर तलाशी से अभियुक्तगण के कब्जे से दो तमन्चा 315 बोर, दो जिन्दा कारतूस, तीन खोखा कारतूस 315 बोर तथा एक मोटरसाइकिल बरामद किया गया। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर पुलिस ने स्थानीय थाने पर मुकदमा पंजीकृत किया है।

No comments