हत्या में प्रयुक्त हँसिया के साथ आरोपी चाचा गिरफ्तार
जनपद लखिमपुर खीरी के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ागाँव बड़ेहरा निवासी गुड्डू पुत्र राधे ने बुधवार को बिलरियागंज थाने पर लिखित सूचना दिया कि मैं बिलरियागंज थाना क्षेत्र के ग्राम खानपुर भगतपट्टी में अवधेश सिंह के ट्यूबेल पर रहकर गाँव में गन्ना छिलने का काम करता है तथा मेरे पड़ोस के सुरेश यादव पुत्र रज्जू, पप्पू पुत्र हीरालाल निवासीगण वड़ागाँव बड़ेहरा भी साथ रहकर काम करते हैं। बुधवार की शाम करीब 7 बजे सुरेश पुत्र रज्जू व पप्पू पुत्र हीरालाल दोनों चाचा भतीजा आपस में घरेलू विवाद को लेकर कहासुनी करने लगें हम लोगों ने बीच बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन सुरेश ने अपने भतीजे पप्पू को गन्ना छिलने वाले हंसिये से मार दिया। जिससे पप्पू के पैर व गर्दन पर काफी चोट आयी थी। बिलरियागंज अस्पताल में इलाज हेतु ले गये जहाँ पर डाक्टर ने उन्हे मृत घोषित कर दिया हैं। इस तहरीर के आधार पर स्थानीय थाने पर मुकदमा पंजीकृत किया गया।
पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह के निर्देश पर बिलरियागंज थाने की पुलिस आज बृहस्पतिवार को क्षेत्र में भ्रमणशील थी। इसी दौरान पुलिस ने उक्त घटना के आरोपी सुरेश यादव पुत्र रज्जू को खजियावर स्कूल से गिरफ्तार करते हुए घटना में प्रयुक्त हँसिया भी बरामद किया है।

No comments