अजीत सिंह हत्याकांड: लखनऊ पुलिस ने शूटर गिरधारी को एनकाउंटर में मार गिराया
कुछ दिनों पूर्व लखनऊ के विभूतिखंड के कठौता चौराहे पर मऊ के पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। घायल अजीत सिंह और उसके साथी मोहर सिंह को लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां डॉक्टरों ने अजीत सिंह को मृत घोषित कर दिया था। इस हत्याकांड के पीछे गैंगवार वजह बताई जा रही थी।
इस हत्याकांड के मुख्य सूत्रधार और शूटर गिरधारी की तलाश में यूपी पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही थी, लेकिन गिरधारी ने नाटकीय ढंग से दिल्ली में सरेंडर कर दिया था। इसके बाद गिरधारी को लखनऊ लाया गया और रविवार रात पुलिस हत्या में इस्तेमाल असलहे की बरामदगी के लिए उसे विभूतिखंड लेकर गई।
लखनऊ पुलिस का दावा है कि जब पुलिस के जवान गिरधारी को गाड़ी से उतार रहे थे, तब गिरधारी ने सब इंस्पेक्टर अख्तर उस्मानी की पिस्टल छीन ली, पिस्टल छीनने के बाद वह भागने की कोशिश करने लगा, मौके पर कई थानों की पुलिस पहुंच गई, खुद को पुलिस से घिरा देखते हुए गिरधारी ने फायरिंग शुरू कर दी, जवाबी कार्रवाई में गिरधारी घायल हो गया। घायल गिरधारी को पास के ही लोहिया अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

No comments