सीएम योगी ने एक्सप्रेस वे का किया निरीक्षण, अप्रैल में जनता को समर्पित करने को कहा
इस अवसर पर कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमन्त्री ने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस वे देश के विकास का मॉडल बनेगा। यह एक्सप्रेस वे उत्तर प्रदेश के विकास की सम्भावनाओं की जड़ है, इसके बन जाने से आजमगढ़ को विकास की अपेक्षाओं पर पंख लगाकर उड़ने की पूरी सम्भावना है। विकास ही जीवन में परिवर्तन लायेगा और जनपद के विकास के लिए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निर्माण के उपरान्त यहॉ पर औद्योगिक क्लस्टर को विकसित कर यहॉ के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ने की हमारी योजना है, जिसे शीघ्र ही मूर्त रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। सीएम योगी ने कहा कि पहले आजमगढ़ के नाम से लोग कांपते थे, आजमगढ़ के नाम पर किराये पर कमरा नही मिलता था। परन्तु यहाँ के लोगों के प्रयास से परिस्थितियॉ एकदम बदल चुकी हैं और यह विकास के पथ पर निरन्तर अग्रसर हैं, जिसे दिनोदिन बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किये जाने हेतु जनपद में एक विश्वविद्यालय की स्थापना की पूर्व में घोषणा हो चुकी है, जिस पर कुछ कार्य आगे भी बढ़ चुका है। उन्होने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति जनपदवासियों को जागरूक करते हुए जनपदवासियों का इस ओर विशेष रूप से ध्यान दिये जाने पर जोर दिया तथा कहा कि विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद जनपद में विकास को सकारात्मक रूप से आगे बढ़ाया जाना सुगम होगा।


No comments