Breaking Reports

विश्वविद्यालय को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन, जमकर हुई नारेबाजी


आज़मगढ़ : जिले में विश्वविद्यालय निर्माण को लेकर विश्वविद्यालय अभियान एक बार फिर सड़कों पर उतर गया है। विश्वविद्यालय को मोहब्बतपुर से स्थानान्तरित कर मुख्यालय से 45 किमी दूर नेउरी ले जाने के प्रस्ताव से नाराज अभियान से जुड़े शिक्षक, छात्र व आधी आबादी जिलाधिकारी कार्यालय पंहुचकर जमकर प्रदर्शन-नारेबाजी की और ज्ञापन सौपा। 

 इस दौरान विश्वविद्यालय अभियान के संयोजक और एसोसिएट प्रोफेसर डा0 सुजीत भूषण ने कहा कि लोकसभा चुनाव के पूर्व मार्च 2019 में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपदवासियों द्वारा लम्बे समय से विश्वविद्यालय अभियान का संज्ञान लेते हुए राज्य विश्वविद्यालय की घोषणा की थी। अगस्त 2019 में मोहब्बतपुर के जमीन अधिग्रहण की घोषणा हुई। 327 किसानों की जमीन का लगभग 30 करोड़ मुआवजा देकर जमीन का अधिग्रहण भी किया जा चुका है। शिक्षक संघ के अध्यक्ष डा0 प्रवेश कुमार सिंह ने कहा कि कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग मिट्टी पाटने के लिए 50 करोड़ मांग रही है, जिसमे शासन ने कटौती की। इसी को लेकर ठनी है। दूसरी तरफ जिलाधिकारी राजनीतिक षड़यंत्र के तहत विश्वविद्यालय को अन्यत्र स्थानांतरण और मुख्यालय से 45 किमी दूर अम्बेडकरनगर की सीमा पर ले जाने का प्रस्ताव दे रहे हैं। 

समाजसेविका अनीता द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री के विश्वविद्यालय के ड्रीम प्रोजेक्ट के साथ लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन द्वारा खिलवाड़ और शासकीय धन का दुरूपयोग किया जा रहा है, जिसे जनपदवासी कभी बर्दास्त नहीं करेंगे। 

इस अवसर पर डा0 ईश्वर चन्द्र त्रिपाठी, राकेश गाँधी, अमित कुमार सिंह, सरोज गिरी, शिवबोधन उपाध्याय, पूनम सिंह, अनामिका सिंह पालीवाल, बृजेश कुमार दुबे, मनिंदर सिंह, डी0एन0सिंह, सत्यजीत श्रीवास्तव, ऋषभ राय, रणविजय सिंह, सतीश सिंह, संतोष पाण्डेय, शैलेन्द्र कुमार, मार्तण्ड प्रताप सिंह, आलोक कुमार सिंह आदि बड़ी संख्या में प्रबुद्ध, छात्र और महिलाएं उपस्थित रहीं।

No comments