जौनपुर से आये युवक की गोली मारकर हत्या, मचा हड़कंप
आजमगढ़ : बरदह थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह बाइक सवार छह बदमाशों ने एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश वहां से भाग गये। सुबह-सुबह गांव में ताबड़तोड़ गोलियां चलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी के बाद पुलिस के साथ एसपी भी मौके पर पहुंच गये।
जौनपुर जिले के केराकत निवासी बंटी सिंह बरदह थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर फेटी गांव निवासी अकमल के घर मिलने आया था। बुधवार की सुबह घर के बाहर बैठे कुछ लोगों से वह बात करने लगा। इसी दौरान बाइक सवार छह बदमाश पहुंचे और बंटी सिंह पर ताबड़तोड़ गोली चलाने लगे।इस घटना में बंटी को कई गोली लगी और उसकी मौत हो गई। ग्रामीण शव को गांव में ही रख कर प्रदर्शन कर रहे हैं। अपराधियों की गिरफ्तारी और शाहजमां नैयर के खिलाफ कार्यवाही की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलने पर बरदह थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि जेल में बंद शातिर अपराधी शाहजमां नैयर के द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है। शाहजमां नैयर पुराना हिस्ट्रीशीटर और गैंगेस्टर है। घटना की जानकारी होते ही एसपी सुधीर कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे।

No comments