जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने जा रहे किशोरों को स्कार्पियो ने रौंदा, दो की मौत एक घायल
आजमगढ़ : कप्तानगंज थाना क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र तेरही के पास हाईवे पर बृहस्पतिवार की देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। बाइक सवार तीन किशोरों को तेज रफ्तार स्कार्पियो ने रौंद दिया। इस हादसे में दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बनी है।
अतरौलिया थाना क्षेत्र के पुरवा गांव निवासी सूरज कन्नौजिया (16) पुत्र राजेश कन्नौजिया, उमेश कन्नौजिया (12) पुत्र रामप्यारे कन्नौजिया दोनों चाचा भतीजा और नीरज कन्नौजिया (16) निवासी लोहरा तीनों एक बाइक पर सवार होकर जन्मदिन के उत्सव में शामिल होने के लिए कंधरापुर के पचखोरा गांव में रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। रास्ते में ही विद्युत उपकेंद्र तेरही के पास हाइवे पर आजमगढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक सवारों को रौंद दिया। हादसे में सूरज कन्नौजिया और नीरज कन्नौजिया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उमेश कन्नौजिया गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी है।

No comments