Breaking Reports

2022 में समाजवादी पार्टी 400 से ज्यादा सीटें जीतेगी : अखिलेश यादव



लखनऊ : गुरूवार को जनक्रांति यात्रा के समापन समारोह में समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव अचानक लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के कार्यालय पहुंचे। आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के कार्यकर्ताओं को जीत का मन्त्र दिया। संचालन सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हाथ में रहा और उन्होंने दावा किया कि 2022 में समाजवादी पार्टी 400 से ज्यादा सीटें जीतेगी। यूपी में विधानसभा की 403 सीटें हैं।

 गुरुवार को सपा की सहयोगी पार्टी महान दल के अध्यक्ष संजय सिंह चौहान द्वारा निकाले गए बीजेपी हटाओ यात्रा और जनक्रांति यात्रा का समापन समारोह का आयोजन था। इस दौरान अखिलेश यादव अचानक से मुलायम सिंह यादव को लेकर पार्टी कार्यालय पहुंचे। इस मौके पर मुलायम सिंह यादव ने कहा कि कार्यकर्ताओं का ऐसा जुनून नहीं देखा। मुलायम ने कहा कि आज भीड़ ज्यादा है। देखकर अच्छा लगा। इसी तरह मेहनत कर सपा की सरकार बनवाएं।

अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि 2022 में समाजवादी पार्टी 400 से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि वे 403 सीट वाली विधानसभा में से 400 से ज्यादा सीट जीत रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि मुलायम सिंह के आने के बाद अब हम बीजेपी को उखाड़ फेकेंगे। उन्होंने कहा कि आज जनता बीजेपी से त्रस्त है। उन्होंने कहा कि नेता जी (मुलायम सिंह यादव) का आना सोने पर सुहागा हो गया। इस तरह की यात्राएं तब नहीं रुकेंगी जब तक भाजपा सत्ता से बाहर नहीं हो जाएगी। जनता इस कदर भाजपा से त्रस्त है कि वो अब सपा के साथ आ गयी है। उन्होंने कहा कि आप सोच भी नहीं सकते कि जनता भाजपा को देखना भी पसंद नहीं कर रही है। किसानों की आमदनी तो नहीं बढ़ी, लेकिंन गैस सिलेंडर का दाम दोगुना हो गया।

No comments