स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी संघमित्रा ने क्यों कहा, क्या बहन-बेटी की भी जाति और धर्म होता है?
लखनऊ : बुधवार को मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव भाजपा में शामिल हुईं हैं। इससे पहले योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य ने भाजपा का दामन छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थ। दिलचस्प है कि स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी संघमित्रा मौर्य बदायूं से भाजपा सांसद हैं। संघमित्रा मौर्य के भाजपा में होने को लेकर तरह-तरह के बयान सामने आए थे। अब अपर्णा यादव के भाजपा में शामिल होने के बाद संघमित्रा मौर्य ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिख कर सवाल उठाया है कि क्या बहन-बेटी की भी जाति या धर्म होता है?
बुधवार को मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव भाजपा में शामिल हो गईं। वहीं, अपर्णा यादव के भाजपाई होने पर सपाई हुए स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी और बदायूं से भाजपा सांसद संघमित्रा ने फेसबुक पोस्ट किया है। संघमित्रा मौर्य ने लिखा, ‘संस्कार… शब्द अच्छा है लेकिन संस्कार है किसके अंदर? हफ्ते भर पहले एक बेटी का पिता पार्टी बदलता है तो पुत्री पर वार हो रहा था, आज वही एक बहू अपने चचेरे भाई (योगी जी) के साथ एक पार्टी से दूसरी पार्टी में आती हैं तो स्वागत! क्या इसको भी वर्ग से जोड़ा जाना चाहिए कि बेटी (मौर्य) पिछड़े वर्ग की है और बहू (विष्ट) अगड़े वर्ग से है?’ संघमित्रा मौर्य ने आगे लिखा, ‘क्या बहन-बेटी की भी जाति और धर्म होता है? अगड़ा (सवर्ण) भाजपा में आता है तो राष्ट्रवादी और वह वोट भाजपा को करेगा या नहीं इसपर सवाल खड़ा करना तो दूर सोचा भी नहीं जाता है। लेकिन, पार्टी में रहने वाला राष्ट्रद्रोही और उसके वोट पर सवाल खड़े हो रहे हैं…ऐसा क्यों? कृप्या सलाह न दें कि मैं कहां जाऊं और क्या करूं। मैं जहां हूं, ठीक हूं।’
No comments