Breaking Reports

निषाद पार्टी ने अतरौलिया से प्रशांत सिंह को बनाया उम्मीदवार, भाजपा से टिकट मांगने वालों का टूटा सपना



आजमगढ़ : भाजपा और निषाद पार्टी के गठबंधन में अतरौलिया विधानसभा सीट निषाद पार्टी के खाते में गई है। निषाद पार्टी ने रविवार की देर रात अपने 4 प्रत्याशी की घोषणा की। जिसमें निषाद पार्टी ने अतरौलिया विधानसभा सीट से इंजीनियर प्रशांत कुमार सिंह को प्रत्याशी बनाया है। प्रशांत सिंह का सीधा मुकाबला सपा नेता डा. संग्राम यादव से माना जा रहा है।

अतरौलिया विधानसभा सीट पर सपा के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री बलराम यादव का वर्चस्व रहा है। वे इस सीट से चुनाव लड़ते रहे हैं। वर्तमान में इस सीट से उनके पुत्र डा. संग्राम यादव विधायक हैं और इस बार भी सपा ने उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया है। वर्ष 2012 में बलराम यादव ने इस सीट को अपने पुत्र डा. संग्राम सिंह यादव के लिए छोड़ दिया। संग्राम यादव यहां से पहली बार चुनाव लड़े और विजयी हुए। वर्ष 2017 के चुनाव में संग्राम यादव ने भाजपा के कन्हैया निषाद और बसपा प्रत्याशी अंखड प्रताप सिंह को करार शिकस्त दी। इस चुनाव में संग्राम यादव 74276 मत पाकर विजयी हुए। जबकि भाजपा के कन्हैया निषाद 71809 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे।

इस बार भाजपा ने इस सीट को अपनी सहयोगी निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल निषाद पार्टी को दे दिया है। जिससे इस सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने का सपना देख रहे कई नेताओं के अरमानों पर पानी फिर गया है। जेल में बंद बाहुबली अखंड प्रताप सिंह भी इस सीट पर निषाद पार्टी से इस बार अपनी पत्नी को यहां से चुनाव लड़ाना चाहते थे। एक माह पूर्व ही उनकी पत्नी वंदना सिंह ने निषाद पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की थी। लेकिन, निषाद पार्टी ने वंदना सिंह को टिकट नही दिया।

No comments