Breaking Reports

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मैनपुरी की इस सीट से लड़ेंगे पहला विधानसभा चुनाव

 


लखनऊ : पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मैनपुरी की करहल सीट से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। पहली बार अखिलेश यादव विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। समाजवादी पार्टी ने इसकी घोषणा कर दी है। वर्तमान में अखिलेश यादव आजमगढ़ लोकसभा सीट से सांसद हैं। चर्चा चल रही थी कि वे आजमगढ़ की गोपालपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।

इस बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर सदर विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में हैं। उनके साथ ही दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और डॉ. दिनेश शर्मा भी चुनाव लड़ेंगे। यह 30 साल बाद पहला मौका होगा जब कोई मुख्यमंत्री पद का प्रत्याशी विधानसभा का चुनाव लड़ने जा रहा हैं। सपा के जिला संगठन ने पार्टी अध्यक्ष को प्रस्ताव भेजा है। बता दें कि सपा का एक प्रतिनिधि मंडल लखनऊ में गुरुवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिला। प्रतिनिधि मंडल ने मांग की है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष करहल सीट से ही कार्यकर्ताओं की भावनाओं के अनुरूप चुनाव लड़ें। जिसे पार्टी ने गंभीरता से लिया है।

मैनपुरी जिले की करहल विधानसभा सीट पर सपा का सात बार से कब्जा है। साल 1993 से लेकर आज तक में सिर्फ एक बार साल 2002 में यहां सपा को हार का मुंह देखना पड़ा था। समाजवादी पार्टी के बाबूराम यादव साल 1993 और 1996 में करहल से चुनाव जीते। साल 2002 में सोवरन सिंह यादव बीजेपी के टिकट पर चुनाव जीते। साल 2007 में सपा ने फिर से वापसी की और सोवरन सिंह यादव साइकिल के सिंबल पर विधायक बने।

No comments