Breaking Reports

अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर लूटे 1.45 लाख



आजमगढ़ : महराजगंज थाना क्षेत्र के खानपुर भगतपट्टी मोड़ पर माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मी से अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर एक लाख 45 हजार रुपये  लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश असलहा लहराते हुए भाग निकले। महराजगंज थाने में पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया।

    देवरिया जिले के मईल थाना क्षेत्र के इसारू गांव निवासी राजेंद्र यादव पुत्र जगबहादुर यादव सेव माइक्रो फाइनेंस कंपनी के बिलरियागंज ब्रांच में बतौर सीनियर सीआरओ के पद पर कार्यरत है। वह समूहों के माध्यम से पैसा वसूल कर जमा करने का काम करता था। शुक्रवार को वह महराजगंज क्षेत्र के गांवों से पैसा कलेक्शन कर वापस ब्रांच पर लौट रहा था। राजेंद्र के अनुसार उसके बैग में कलेक्शन के 1,45,600 रुपये थे। अभी वह महराजगंज-बलरियागंज बार्डर पर खानपुर भगतपट्टी मोड़ पर ही पहुंचा था कि पीछे से बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया। एक बदमाश ने असलहा सटा दिया और रुपये रखा बैग छीन लिया। इसके बाद असलहा लहराते हुए फरार हो गए। घटना की जानकारी होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। महराजगंज और बिलरियागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। घंटों सीमा विवाद में दोनों थानों की पुलिस उलझी रही। बाद में घटनास्थल महराजगंज थाना में चिन्हित हुआ। इसके बाद पीड़ित की तहरीर पर महराजगंज थाने में मुकदमा दर्ज हुआ और पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई।

No comments