Breaking Reports

आजमगढ़ में सपा को बड़ा झटका : पूर्व विधायक ने छोड़ी पार्टी, ली भाजपा की सदस्यता



आजमगढ़ : जिले में समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। सपा के पूर्व विधायक ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। बताया जा रहा है कि दो बार टिकट न मिलने पर पार्टी से नाराज चल रहे थे।

जिले में विधानसभा चुनाव अंतिम चरण में 7 मार्च को होना है। सभी पार्टियां अपना अपना प्रचार प्रसार कर रही हैं। इसी क्रम में सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह जिले की सगड़ी विधानसभा सीट से प्रत्याशी वंदना सिंह के समर्थन में प्रचार करने के लिए क्षेत्र के घाघरा इंटर कॉलेज के मैदान में पहंचे थे। इसी दौरान सगड़ी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अभय नारायण पटेल ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पूर्व विधायक का पार्टी में स्वागत किया। पूर्व विधायक ने सगड़ी विधानसभा की उम्मीदवार वंदना सिंह को जिताने की जनता से अपील की। वे संबोधित करते हुए भावुक होकर रो पड़े।

बता दें कि अभय नारायण पटेल पूर्व में ब्लॉक प्रमुख भी रह चुके हैं। 2012 में उन्होंने सपा के टिकट पर पहली बार सगड़ी से विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत भी हासिल की। 2017 के चुनाव में भी उन्होंने दावेदारी ठोकी, लेकिन सपा ने उन्हें टिकट न देकर जयराम पटेल को दिया और वे चुनाव हार भी गये। अभय नारायण पटेल इस बार भी सपा से टिकट मांग रहे थे लेकिन पार्टी ने एचएन पटेल को टिकट दे दिया।

No comments