Breaking Reports

MLC चुनाव के लिए भाजपा ने आजमगढ़ से अरुणकांत यादव पर जताया भरोसा



आजमगढ़ : भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को विधान परिषद चुनाव के लिए 30 प्रत्याशियों की एक सूची जारी की है। जिसमें भाजपा ने फूलपुर-पवई विधानसभा क्षेत्र से निवर्तमान विधायक अरुणकांत यादव को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। अरूणकांत 2017 के विधानसभा चुनाव में जिले से भाजपा के इकलौते विधायक थे। इस बार विधानसभा चुनाव में उनके पिता रमाकांत यादव को सपा ने उसी सीट से अपना प्रत्याशी बनाया तो भाजपा ने अरूणकांत का टिकट काट दिया था।

फूलपुर-पवई विधानसभा क्षेत्र से सपा ने भाजपा के तत्कालीन विधायक अरुणकांत यादव के पिता पूर्व सांसद रमाकांत यादव को टिकट दिया था। जिसके बाद भाजपा ने अरुणकांत को टिकट न देकर पुराने कार्यकर्ता रामसूरत राजभर को टिकट दिया था। हालांकि विधानसभा चुनाव में सपा के रमाकांत यादव ने जीत दर्ज की। अब एमएलसी चुनाव में भाजपा ने 17वीं विधानसभा के चुनाव में जिले के एक मात्र विधायक रहे अरुणकांत यादव को सपा के राकेश कुमार यादव गुड्डू के मुकाबले उतारा है। विधानसभा के चुनाव में टिकट न मिलने के बाद अरुणकांत यादव ने एमएलसी पद के लिए पहली बार की पांच से 11 फरवरी तक चली नामांकन प्रक्रिया में पर्चा लिया था। हालांकि भाजपा एमएलसी का चुनाव लड़ने के लिए सहजानंद राय, डा. मनीष तिवारी ने भी पर्चा लिया था, लेकिन शीर्ष नेतृत्व से जारी सूची सभी के अरमानों पर पानी फेर दिया है।

No comments