समाजवादी पार्टी ने एमएलसी चुनाव के लिए डॉ. कफील खान को बनाया उम्मीदवार
लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव 2022 के लिए देवरिया-कुशीनगर सीट से समाजवादी पार्टी ने अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। गोरखपुर के बीआरडी अस्पताल कांड से चर्चा में आए डॉक्टर कफील खान को देवरिया-कुशीनगर विधान परिषद क्षेत्र से समाजवादी पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है। डॉ. कफील खान ने अखिलेश यादव से मुलाकात की और उन्हें गोरखपुर हॉस्पिटल ट्रेजडी पर लिखी पुस्तक भेंट की।
समाजवादी पार्टी ने देवरिया-कुशीनगर सीट से डॉक्टर कफील खान को प्रत्याशी बनाया है। डॉ. कफील खान को गोरखपुर के बीआरडी अस्पताल में हुई बच्चों की मौत के मामले में मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर निलंबित किया गया था। कफील खान कल नामांकन दाखिल कर सकते हैं। मंगलवार को डॉक्टर कफील ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर उन्हें अपनी लिखी किताब भेंट की थी। इसकी तस्वीर उन्होंने ट्वीट कर लिखा था कि, “माननीय पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव से मुलाकात की और उन्हें The Gorakhpur Hospital Tragedy की एक प्रति भेंट की।”
विधानपरिषद की 36 सीटों के लिए दो चरण में चुनाव कराए जाएंगे। पहले चरण में 30 सीटों के लिए 15 से 19 मार्च तक पर्चा दाखिल किया जा सकेगा। नामांकन पत्रों की जांच 21 मार्च को होगी, जबकि 23 मार्च तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। दूसरे चरण के तहत विधानपरिषद की 6 सीटों के लिए 22 मार्च तक नामांकन पत्र भरा जा सकेगा। 23 मार्च को नामांकन पत्र की जांच होगी और 25 मार्च तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। दोनों चरण के लिए 9 अप्रैल को ही मतदान होगा, जबकि 12 अप्रैल को वोटों की गिनती होगी।
No comments