आजमगढ़ में अचानक पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, भाजपा सरकार पर जमकर बरसे
आजमगढ़ : सोमवार को अचानक आजमगढ़ पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोला है। कहा, भाजपा ने पहले भी झूठ बोला और अब भी झूठ बोलने का कार्य कर रही है। अखिलेश ने कहा कि विधानसभा चुनाव में क्या हुआ इस पर चर्चा न हो इसीलिए ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म को रिलीज किया।
हर्रा की चुंगी पर स्थित पूर्व मंत्री एवं नव निर्वाचित विधायक दुर्गा प्रसाद यादव के आवास पर मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। सपा अध्यक्ष ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। युवा नौकरी न मिलने से निराश हो गए हैं। पिछले पांच साल में एक भी भर्ती नहीं हुई। भाजपा ने पहले भी झूठ बोला और अब भी झूठ बोलने का कार्य कर रही है। उम्मीद है कि सरकार पिछले घोषणा पत्र व नए घोषणा पत्र पर काम करे। ताकि युवाओं को रोजगार मिल सके।
अखिलेश यादव ने कहा कि एमएलसी चुनाव बड़ी चुनौती है। इसमें प्रशासन से भी लड़ना है। एमएलसी चुनाव में प्रत्याशियों के नाम पर यादव न लिखे जाने के सवाल पर कहा कि भाजपा यदि जातिवादी राजनीति करे तो वह सोशल इंजीनियरिंग है। लेकिन जब समाजवादी पार्टी करती है तो वह जातिवादी। भाजपा पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जहां पर माफियाओं को एमएलसी चुनाव जिताना है वहां पर भाजपा प्रत्याशी नहीं लड़ा रही है। अखिलेश ने कहा कि विधानसभा चुनाव में क्या हुआ इस पर चर्चा न हो इसीलिए ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म को रिलीज किया। उन्होंने कहा कि कश्मीर फाइल्स फिल्म के टैक्स से जो पैसा इकट्ठा हो रहा है, उसके मुनाफे से कश्मीरी पंडितों के विस्थापन पर खर्च होना चाहिए। इसके लिए कमेटी का गठन होना चाहिए जिसमें राजनीतिक नेता न हों। कमेटी में केवल कश्मीरी पंडित ही शामिल हों।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आजमगढ़ की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस जिले का परिणाम ऐतिहासिक रहा है। भाजपा की कोशिश रही कि आजमगढ़ में सपा को पीछे कर दे। लेकिन यहीं से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। दसों सीटें सपा को मिलीं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार भले ही न बनी हो लेकिन हम हारे नहीं हैं। यूपी की जनता का धन्यवाद करते हुए उन्होंने कहा कि सपा की सीटें बढ़ी हैं और वोट प्रतिशत भी बढ़ रहा है। इस बार हमने यह जाना है कि वोट प्रतिशत कैसे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जो चुनाव होगा न केवल भाजपा की सीटें कम होगी बल्कि उनका वोट घटाने का काम जनता करेगी। उन्होंने कहा कि इस बार जब प्रदेश की जनता ने बहुमत दिया है तो इस बार भाजपा झूठ बोलकर जनता को निराश न करे।
No comments