Breaking Reports

एमएलसी चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार अरुणकांत यादव ने दाखिल किया नामांकन पत्र



आजमगढ़ : उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन के आखिरी दिन जिला कलेक्ट्रेट में कई प्रत्याशियों ने नामांकन किया। भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार अरुणकांत यादव ने एमएलसी पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को एक सूची जारी कर आजमगढ़-मऊ सीट पर निवर्तमान विधायक अरुणकांत यादव को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। अरुणकांत समाजवादी पार्टी के बाहुबली विधायक रमाकांत यादव के पुत्र हैं। इसके पहले अरुणकांत यादव 2017 में फूलपुर-पवई विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे। इस बार यहां से इनके पिता सपा से विधायक चुने गए हैं। एमएलसी चुनाव में अरुणकांत सपा उम्मीदवार राकेश यादव गुड्डू को सीधी टक्कर देंगे।

विधानसभा चुनाव में फूलपुर पवई सीट से अरुणकांत को भाजपा से टिकट नहीं मिला, तभी से कयास लगाये जा रहे थे कि वो भाजपा के टिकट पर एमएलसी का चुनाव लड़ेंगे। एमएलसी का चुनाव लड़ने के लिए अरुणकांत ने नामांकन पत्र भी खरीदा था लेकिन पार्टी की तरफ से इनके नाम की आधिकारिक घोषणा नही की गई थी। इसी बीच एमएलसी का चुनाव भी टल गया था। 19 मार्च को भाजपा की तरफ से जब एमएलसी चुनाव मे प्रत्याशियों के नामों की सूची आई तो आजमगढ़- मऊ निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा ने अरुणकांत यादव को अपना उम्मीदवार घोषित किया। नामों की घोषणा होने के बाद सोमवार को अरुणकांत समर्थकों के संग कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

No comments