Breaking Reports

पंचायत उपचुनाव के लिए 116 प्रत्याशियों ने दाखिल किया नामांकन

 



आजमगढ़ : जिले में त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव 5 अगस्त को होना है, जिसके लिए बुधवार को 171 पदों के सापेक्ष कुल 116 नामांकन पत्र दाखिल हुए। इसमें एक ग्राम प्रधान, छह बीडीसी सदस्य का निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है। जबकि सदस्य ग्राम पंचायत के 168 रिक्त पदों के सापेक्ष मात्र 85 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। 21 जुलाई को संबंधित ब्लाक मुख्यालयों पर नामांकन पत्रों की जांच होगी। 22 जुलाई को पर्चा वापसी और प्रतीक आवंटन होगा।

सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत राकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रधान पद के लिए ब्लाक अहरौला की ग्राम पंचायत सहुवहिया (महिला) सीट के लिए रेहाना, सिद्दिका बानो, सादिका बानो व अलीबानो ने पर्चा दाखिल किया है। ब्लाक तरवां की ग्राम पंचायत डंडवल (अनुसूचित जाति) के लिए मात्र एक प्रत्याशी निशा ने नामांकन पत्र भरा है। ब्लाक फूलपुर की ग्राम पंचायत फूलपुर देहात (अन्य पिछड़ा वर्ग) के लिए चार, कतरानूरपुर फूलपुर (अन्य पिछड़ा वर्ग) के लिए 6 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। 

बीडीसी सदस्य पद के लिए अहरौला के कोतवालीपुर (अन्य पिछड़ा वर्ग महिला) के लिए चार, जहानागंज के आजमबांध (अन्य पिछड़ा वर्ग) के लिए मात्र एक सत्यभावना, जहानागंज के करउत-दो (महिला) के लिए चार लोगों ने नामांकन किया। जबकि तहबरपुर के बेगपुर खालसा (अन्य पिछड़ा वर्ग), पल्हनी के मुंडा (अन्य पिछड़ा वर्ग), फूलपुर के नौहरा, लालगंज के उबारपुर लखमीपुर(अनुसूचित जाति) और ब्लाक सठियांव की ग्राम पंचायत बम्हौर (अनुसूचित जाति महिला) के लिए एक-एक प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया है।

No comments