आकाशीय बिजली की चपेट में आने से युवती समेत तीन लोगों की मौत, छह लोग झुलसे
आजमगढ़ : शुक्रवार को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से युवती समेत तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं छह लोग झुलस गए। सभी झुलसे लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के सराय खुरसु गांव निवासी पिंकी राजभर अपनी बहन प्रिया के साथ धान की रोपाई कर रहीं थीं। इसी दौरान बिजली गिरी और दोनों बहनें उसकी चपेट में आ गईं। दोनों को इलाज के लिए सीएचसी टीकरगाढ़ लालगंज ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रियंका को मृत घोषित कर दिया। प्रिया का उपचार जारी है। इसके अलावा गांव की ही अनीता, मनीषा, सोनी, रेनू भी आंशिक रूप से झुलस गईं। ये सभी प्राथमिक उपचार के बाद घर लौट आईं।
वहीं तरवां थाना क्षेत्र के हैबतपुर डुभांव गांव में भी बिजली की चपेट में आने आकाश कुमार झुलस गया। उसे आननफानन सीएचसी लालगंज ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
बूढ़नपुर गांव निवासी अनुज कुमार और किरन अपने-अपने खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। इसी दौरान बिजली गिरी और दोनों उसकी चपेट में आ गए। अनुज की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं किरन गंभीर रूप से झुलस गई। गंभीर रूप से झुलसी किरन को सीएचसी रानीपुर में भर्ती कराया गया, जहां से डाक्टर ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

No comments