फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन बैनामा कर धोखाधड़ी के मामले में महिला समेत दो गिरफ्तार
आजमगढ़ : रौनापार थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन बैनामा कर तीन लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में दो नामजद अभियुक्तों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया है। महिला समेत दो लोग नामजद किए गए थे।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सादीपट्टी ग्राम निवासी गुलाबी देवी पत्नी बेचू राम का आरोप है कि रौनापार क्षेत्र के आराजी देवारा नैनीजोर निवासी रामजतन व डिहवा ग्राम निवासिनी लालती देवी पत्नी जंगबहादुर ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन को अपना बताते हुए पीड़िता से तीन लाख रुपए लेकर उसका फर्जी बैनामा कर दिया। गुलाबी देवी जब भूमि पर कब्जा करने गई तो उसे कब्जा करने नहीं दिया गया। पीड़िता ने जब बैनामा करने वालों से अपने दी गई रकम की मांग करते हुए जमीन लौटाने की बात कही तो लोगों ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया। गुलाबी देवी ने थाने में धोखाधड़ी का नामजद मुकदमा दर्ज कराया।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को रौनापार तिराहे से धोखाधड़ी के आरोपी रामजतन व लालती देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

No comments