धर्म का बंधन तोड़ एक दूजे के हुए मोमिन और सूरज, मंदिर में लिये सात फेरे
आजमगढ़ : धर्म को लेकर आये दिन कोई न कोई विवाद होता रहता है। इसी बीच अतरौलिया क्षेत्र के एक प्रेमी युगल ने मिशाल पेश की है। क्षेत्र में स्थित सम्मो माता मंदिर परिसर में एक मुस्लिम प्रेमिका ने अपने हिन्दू प्रेमी के गले में वरमाला डाली और उसके साथ सात फेरे लिये। प्रेमी युगल को परिजनों द्वारा भी खुशमय जीवन का आर्शीवाद दिया गया। वैवाहिक कार्यक्रम हिन्दू रीति रिवाज के साथ संपन्न हुआ।
अतरौलिया क्षेत्र के खानपुर फतेह निवासी सूरज पुत्र जोखू को दो वर्ष पहले हैदरपुर खास गांव की मुस्लिम लड़की मोमिन खातून पुत्री वलीजान से प्यार हो गया। धीरे-धीरे प्यार परवान चढ़ने लगा तो लोग एक दूसरे से छुप-छुप कर मिलने लगे। प्रेमी सूरज ने धर्म की दीवार को तोड़कर मुस्लिम लड़की को अपना बनाने की जिद ठान ली। जब बात इनके परिवार के लोगों को पता चली तो विरोध भी हुआ लेकिन दोनों ने अपने परिवार के लोगों को समझा बुझा कर बना लिया।
बृहस्पतिवार को हिंदू रीति रिवाज के अनुसार सम्मो माता मंदिर में दोनों ने शादी कर ली। यह शादी लोगों के लिए चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं मंदिर परिसर में आए हुए परिजन ने दोनों वर-वधू को आशीर्वाद भी दिया। प्रेमी युगल ने बताया कि हम लोग बिना दबाव के अपनी रजामंदी से शादी कर रहे हैं।

No comments