विद्यालय समय से नहीं खुलने पर दो प्रधानाध्यापक समेत चार निलंबित
आजमगढ़ : बुधवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया, जिसमें विद्यालय समय से खुला नहीं मिलने पर दो प्रधानाध्यापक समेत चार को निलंबित किया है। वहीं, अनुपस्थित 52 शिक्षकों का एक दिन वेतन रोकने का निर्देश दिया है।
बीएसए अतुल कुमार सिंह बुधवार की सुबह आठ बजे रानी की सराय ब्लाक के कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय रुदरी व पूर्व माध्यमिक विद्यालय लछिरामपुर पहुंच गए। विद्यालय बंद मिलने पर उन्होंने रुदरी के प्रधानाध्यापक वृज भानुजा, लछिरामपुर के प्रधानाध्यापक ललिता कुमारी, सहायक अध्यापक राना परवीन व संजीव कुमार राय को निलंबित कर दिया। शासन के निर्देश पर विद्यालयों के सुबह निरीक्षण के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारी व जिला समन्वयक की टीम बनाई गई है। अध्यापक व कर्मचारियों के अनुपस्थित होने पर कार्रवाई की गई है। बीएसए ने बताया कि चेकिंग निरंतर जारी रहेगी। शिक्षकों की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

No comments