विकास कार्यों में हुई सरकारी धन की धांधली, डीएम ने मांगा स्पष्टीकरण
आजमगढ़ : लालगंज ब्लाक के ग्राम पंचायत चिरकिहिट में कराए गए विकास कार्यों में वित्तीय अनियमितता की पुष्टि हुई है। डीएम विशाल भारद्वाज ने पूर्व प्रधान कंचन यादव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। 15 दिन में स्पष्टीरण न देने पर वसूली की कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने संबंधित विभागाध्यक्षों को अपने स्तर से विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
चिरकिहिट गांव के दूधनाथ पाठक ने विकास कार्यों में सरकारी धन अनियमितता किए जाने की शिकायत की थी। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-5 एवं अवर अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ब्लाक पल्हना को जांच अधिकारी नामित किया गया था। जांच आख्या में पोखरी पर पुलिया निर्माण और मस्तवानी पोखरी से श्रीनिवास पाठक के घर तक किए गए इंटर लाकिंग में वित्तीय अनियमितता की पुष्टि हुई, जिसमें संबंधित अधिकारी दोषी पाए गए। जांच आख्या के आधार पर बुधवार को चिरकिहिट गांव के पूर्व प्रधान कंचन, गांव के ग्राम विकास सचिव (सेक्रेटरी) उपेंद्र सिंह और अवर अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग विरेंद्र तिवारी को कारण बताओ नोटिस जारी की गई है। 15 दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत नहीं हुआ तो दुरुपयोग की गई धनराशि की वसूली सभी संबंधित अधिकारियों से की जाएगी।

No comments