विभागीय लापरवाही के चलते करंट से झुलसे लाइनमैन की मौत, परिजनों व ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
आजमगढ़ : भंवरनाथ विद्युत सब स्टेशन के तहत करेन्हुआ गांव में बीते 28 जून को विभागीय लापरवाही के चलते करंट से झुलसे संविदा लाइनमैन की शुक्रवार की सुबह जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों और ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम के बाद शव के साथ विद्युत सब स्टेशन पर प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने सब स्टेशन प्रभारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने एवं मृतक के परिजनों को सरकारी सहायता की मांग की। हंगामे की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने किसी तरह धरना समाप्त कराया।
कंधरापुर थाना अंतर्गत दरौरा ग्राम निवासी राजनारायण दुबे विगत कई वर्षों से भंवरनाथ विद्युत सब स्टेशन पर बतौर संविदा लाइनमैन कार्यरत थे। बीते 28 जून की शाम वह क्षेत्र के करेन्हुआ गांव की दलित बस्ती में बाधित विद्युत आपूर्ति को ठीक करने के लिए विद्युत उपकेंद्र प्रभारी नागेंद्र चौहान से अनुमति लेकर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कराने के बाद वहां पहुंचे। यांत्रिक खराबी दूर करते समय विभागीय लापरवाही के चलते अचानक विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई। इसके चलते करंट की चपेट में आ जाने से सीढ़ी पर चढ़े लाइनमैन राजनारायण दुबे बुरी तरह करंट से झुलस कर गिर पड़े। घायल लाइनमैन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
करंट से झुलसे लाइनमैन की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार की सुबह मौत हो गयी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मौत की सूचना पाकर मृतक के परिवार एवं गांव में शोक की लहर व्याप्त हो गई। शुक्रवार की दोपहर पोस्टमार्टम के बाद परिजन एवं ग्रामीण शव को लेकर भंवरनाथ विद्युत सबस्टेशन पहुंचे और वहां शव को रखकर दोषी उपकेंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई एवं मृतक के परिजनों को सरकारी नौकरी एवं सहायता राशि देने की मांग करते हुए घेराव कर दिया। इस बात की जानकारी होने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह धरना समाप्त कराया।

No comments