एसपी की अपराधियों पर बड़ी कार्यवाई, माफिया मुख्तार अंसारी व कुंटू सिंह गैंग के सहयोगियों समेत 12 की खुली हिस्ट्रीशीट
आजमगढ़ : एसपी ने माफिया मुख्तार अंसारी के एक सहयोगी व माफिया ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू सिंह के 3 सहयोगियों हिस्ट्रीशीट खोली है, जिनपर हत्या, रंगदारी, मारपीट व लूट जैसी घटना को अंजाम देने का आरोप है। वहीं एसपी ने विभिन्न थाना क्षेत्रों के 8 अन्य अपराधियों की भी हिस्ट्रीशीट खोली है, जिनपर लूट, हत्या व दुराचार जैसी घटना को अंजाम देने का आरोप है। 5 अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई पहले ही की गई है।
एसपी अनुराग आर्य ने गुरुवार को थाना प्रभारी जीयनपुर की रिपोर्ट पर ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू सिंह गैंग के तीन सदस्यों की हिस्ट्रीशीट खोली है। सभी के ऊपर पुलिस ने पहले ही गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की थी, उसके बाद भी उनकी आपराधिक गतिविधियां कम नहीं हो रही थी। पुलिस ने सूर्यप्रकाश उर्फ घल्लर निवासी आरिफपुर के खिलाफ कार्रवाई की है। जीयनपुर थाने में उनके खिलाफ छह मुकदमे दर्ज हैं। गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई पहले ही की गई है। मुन्ना सिंह निवासी छपरा सुल्तानपुर के खिलाफ तीन मुकदमे के साथ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। शिवकुमार यादव निवासी खतीबपुर के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज हैं। गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी की जा चुकी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तीनों के ऊपर हत्या, रंगदारी, मारपीट व लूट जैसी घटना को अंजाम देने का आरोप है। तीनों अपराधियों की निगरानी बढ़ाने का निर्देश संबंधित थाने को दिया गया है।
पुलिस ने माफिया मुख्तार अंसारी के सहयोगी की भी हिस्ट्रीशीट खोली है। थाना प्रभारी बरदह की रिपोर्ट पर माफिया मुख्तार के सहयोगी अशरफ जमा खां निवासी मुहम्मदपुर फेटी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। थाना बरदह पर उसके खिलाफ सात मुकदमे दर्ज हैं। गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई पहले हुई है। एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि आरोपित अपने भाइयों व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कई गंभीर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है।
एसपी ने थाना प्रभारी मुबारकपुर, गम्भीरपुर, महराजगंज, मेंहनगर, जीयनपुर व थाना प्रभारी बरदह के आख्या के आधार पर 8 अपराधियों हिस्ट्रीशीट खोली है। जिसमें, लूट व हत्या के आरोपी सुशील पाण्डेय उर्फ गोलू पाण्डेय निवासी नीबी बुजुर्ग थाना मुबारकपुर के खिलाफ कुल 17 मुकदमें दर्ज हैं। हत्या के आरोपी चन्दन राय निवासी अमौड़ा, थाना गम्भीरपुर के खिलाफ 08 मुकदमें दर्ज हैं। चन्दन के पिता गुरू प्रसाद राय उर्फ बेचू राय एक आपराधिक एवं हत्यारा किस्म का व्यक्ति थे, जिन्हें हत्या के मुकदमें में आजीवन कारावास की सजा हुयी है। पूर्व में चन्दन के विरूद्ध गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी की जा चुकी है। हत्या के आरोपी संत विजय यादव निवासी आराजी अमानी थाना महराजगंज के खिलाफ 5 मुकदमें दर्ज हैं। संत विजय ने अपनी पत्नी अंतिमा की गोली मारकर हत्या कर दिया गया था।
लूट की घटना का आरोपी ब्रम्हानन्द यादव उर्फ नंगा यादव निवासी ठुठवा मुस्ताफाबाद थाना मेंहनगर के खिलाफ 5 मुकदमें दर्ज हैं। वह अपने भाईयो के साथ मिलकर मारपीट, झगड़ा व लूट जैसी घटना को अंजाम देता है। हत्या के आरोपी चन्दन यादव निवासी गंजोर थाना मेंहनगर के खिलाफ 4 मुकदमें दर्ज हैं। चन्दन यादव अपने भाईयो के साथ मिलकर मारपीट, गाली गलौज व हत्या जैसी घटना को अंजाम दिया था। हत्या के आरोपी आमिर निवासी शाहपुर नेवादा थाना जीयनपुर के खिलाफ 4 मुकदमें दर्ज हैं। आमिर ने अपने साथियों के साथ गिरोह बनाकर मारपीट व हत्या जैसे संगीन अपराध किया है। बरदह थाना क्षेत्र के इसहाकपुर निवासी रतिलाल के खिलाफ 3 आपराधिक मुकदमा दर्ज हैं। जीयनपुर थाना क्षेत्र के हरैया निवासी बृजेश के खिलाफ 30 अप्रैल 2018 को 20 वर्षीय बालिका के साथ चाकू दिखाकर दुष्कर्म करने और बालिका के पिता व चाचा को चाकू मारकर घायल किये जाने तथा जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज हैं। इन सभी अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गयी है। अपराधियों की निगरानी बढ़ाने का निर्देश संबंधित थाने को दिया गया है।

No comments