Breaking Reports

एसपी ने शराब पीते तीन पुलिसकर्मियों को रंगे हाथों पकड़ा, किया निलंबित



आजमगढ़ : एसपी ने डायल 112 पर तैनात तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। निजामाबाद थाना क्षेत्र में स्थित एक ढाबे पर एसपी अचानक पहुँच गये। वहाँ पर यूपी 112 के कर्मी शराब पी रहे थे। वहीं लापरवाही पर डायल 112 के प्रभारी व एक मुख्य आरक्षी को लाइन हाजिर किया है।

रविवार की देर रात एसपी ग्रामीण अनुराग आर्य निजामाबाद थाना क्षेत्र के रास्ते से गुजर रहे थे। फरीदाबाद बाजार के समीप एक ढाबा एंड रेस्टोरेंट के बाहर डायल 112 का वाहन खड़ा देख एसपी ने अपनी गाड़ी रुकवा दी। इसके बाद एसपी सीधे ढाबे के अंदर चले गए। जहां यूपी 112 पर तैनात पुलिसकर्मी शराब का सेवन कर रहे थे। वहीं कई अन्य ग्राहक भी नशे में धुत थे। एसपी ने डायल 112 के मुख्य आरक्षी रामनरेश यादव के गैर हाजिर मिलने, तथा डायल 112 के मुख्य आरक्षी रामलवट यादव व अजय कुमार सिंह को संदिग्ध व्यक्तियों के साथ ढाबे पर मिलने के कारण निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई का भी आदेश दिया है। वहीं ढाबे को तत्काल प्रभाव से सीज कर संचालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

मुख्य आरक्षी रामजीत यादव को सरकारी शस्त्र (पिस्टल) लापरवाही पूर्वक गाड़ी में रखकर चले जाने पर लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं, गाड़ियों के संचालन में अनुशासनहीनता व लापरवाही पर डायल 112 प्रभारी क्षितिज त्रिपाठी को पुलिस लाइन से संबद्ध करते हुए प्रारंभिक जांच के आदेश दिए हैं।

No comments