बाइक सवार को रोक सोने की चेन छिनी और गोली मारकर फरार हुए बदमाश
आजमगढ़ : शनिवार को बरदह थाना क्षेत्र के जिवली बाईपास पर लूट की घटना का विरोध करने पर लुटेरों ने बाइक सवार के पैर में गोली मार दी और उसके गले की चेन छीनकर जौनपुर की ओर भाग निकले। घायल का जौनपुर जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद आजमगढ़ और जौनपुर की पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई। लेखपाल के आने पर तय हुआ कि घटनास्थल बरदह थाना क्षेत्र में है।
जौनपुर के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के चौकी पिलखुवा गांव निवासी जगदीश यादव (45) उसी क्षेत्र के कालीचाबाद स्थित बहन के घर से राखी बंधवाने के बाद घर लौटने से पहले जिवली बाजार स्थित अपने दूसरे आवास पर गए थे। शनिवार दोपहर वह जिवली बाईपास स्थित चंद्रावती विद्यालय से कुछ ही दूर आगे बढ़े थे कि दो बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। बाइक सवारों ने जगदीश से गौराबादशाहपुर जाने का रास्ता पूछा। जगदीश बाइक रोककर रास्ता बताने लगे कि तभी एक बदमाश गले से सोने की चेन छीनने लगा। जगदीश के विरोध करने पर बाइक सवार दूसरे बदमाश ने जगदीश के पैर में गोली मार दी और उनके गले से चेन छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद जगदीश पैर में तौलिया बांध कर घर पहुंचा। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही बरदह थानाध्यक्ष संजय सिंह और गौराबादशाहपुर थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह के अलावा क्षेत्राधिकारी लालगंज मनोज रघुवंशी भी मौके पर पहुंच गए। घायल को पुलिस ने उसके घर से लाकर चोरसंड (गौराबादशाहपुर) स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। मामला सीमा विवाद में उलझ गया। जीवली के लेखपाल दीना व गौराबादशाहपुर के लेखपाल राहुल मिश्र मौके पर पहुंचकर सीमांकन किया। इसके बाद घटना स्थान जीवली में चिन्हित हुआ। इसके बाद बरदह थाने की पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई।
No comments