पोखरे में मिला नाबालिग का शव, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
आजमगढ़ : बिलरियागंज थाना क्षेत्र के बिंदवल गांव के पोखरे में शुक्रवार की देर रात किशोरी का शव मिला। सूचना मिलने पर पहुँची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या किये जाने की आशंका व्यक्त की है।
बिलरियागंज थाना क्षेत्र के बिंदवल लोहसरवा गांव निवासी 15 वर्षीय अंशिका भारती पुत्री सूरज शुक्रवार को अचानक घर से गायब हो गई। मां ने काफी तलाश की लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। गांव के कुछ लोगों ने रात करीब नौ बजे पोखरे में उसका शव देखा। ग्रामीणों ने शव को बाहर निकालते हुए पुलिस को सूचना दे दी। शव मिलने की जानकारी होते ही गांव के लोगों भी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर बिलरियागंज, कंधरापुर व महारजगंज थाना की पुलिस, सीओ सगड़ी मौके पर पहुंच कर जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मां चंद्रा देवी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
परिजनों ने दुष्कर्म कर हत्या किये जाने की आशंका जताई है। पोखरे में एक व्यक्ति ने मछली पालन किया है। घटना के बाद से वह फरार चल रहा है। इस घटना के राजफाश के लिए एसपी अनुराग आर्य ने एएसपी ग्रामीण सिद्धार्थ के नेतृत्व में टीम का गठन किया है। शनिवार को घटनास्थल पर पहुँचे एसपी ने बताया कि मृतका के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं थे। डाक्टरों के पैनल व वीडियोग्राफी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पीएम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्य के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
No comments