विकास के लिए प्रदेश सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं
आजमगढ़ : जिले के दौरे पर आये प्रभारी मंत्री व पंचायतीराज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने बुधवार को भाजपा कार्यालय में मीडिया से वार्ता में कहा कि भाजपा हमेशा मिशन मोड में काम करती है। सरकार 360 दिन की योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए कार्य करती है। अपने कार्यकर्ताओं के विश्वास के बल पर किसी भी चुनाव के लिए तैयार रहती है।
पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि संगठन 12 महीने 365 दिन जनता के बीच रहकर कार्य करता है। सरकार की योजना और संगठन के काम को लेकर कार्यकर्ता जनता के बीच सक्रिय रहता है। पार्टी के नेतृत्व के विश्वास और कार्यकर्ताओं की सक्रियता के बल पर हम चुनाव लड़ते हैं और महान जनता का हमें विश्वास मिलता रहा है। इसलिए हमारे कार्यकर्ता हमेशा मिशन मोड में कार्य करते हैं। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मंत्रियों का समूह आज आजमगढ़, गुरुवार को मऊ और शुक्रवार को बलिया जाएगा। जनता से संवाद कर विकास कार्यों की जानकारी लेंगे, कार्यकर्ताओं से बात करेंगे और उसकी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को देंगे।
पंचायती राज मंत्री ने कहा कि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ और कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही के साथ चिह्नित गांवों में जाएंगे और विकास कार्यों की जानकारी लेंगे। बताया कि सरकार की मंशा है कि जनहित के लिए संचालित योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ हर जरूरतमंद को मिले। उन्होंने कहा कि विकास के लिए प्रदेश सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है। जहां जैसी आवश्यकता है, वहां आवंटित किया जा रहा है। जिले की गड्ढायुक्त सड़कों की मरम्मत की बात पर मंत्री ने कहा कि साढ़े पांच साल में काफी संख्या में नई सड़कें बनी हैं तो सृदृढ़ीकरण भी हुआ है। जर्जर सड़कों को चिह्नित किया जा चुका है। वर्षा के बाद उसे बेहतर बनाया जाएगा। विकास की धारा में यह जिला आगे बढ़े यह हम लोगों का प्रयास है।
No comments