किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म मामले में मुख्य आरोपी मुठभेड़ में घायल
आजमगढ़ : बरदह थाना क्षेत्र में किशोरी से दुष्कर्म करने के आरोपित के साथ शनिवार देर रात पुलिस की मुठभेड़ हुई। पैर में गोली लगने से घायल बदमाश को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। हालांकि, दो आराेपित पुलिस की पकड़ से अब भी दूर बताए जा रहे हैं।
बरदह थाना क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी शुक्रवार की शाम पड़ोस के गांव में दूध पहुंचाने गई थी। घर वापस लौटते समय तीन युवकों ने उसे पकड़ लिया और जबरन सरपत के झुंड के पास ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और देर रात लगभग नौ बजे पिता के घर आने पर उन्हें आप बीती बताई। इसके बाद पिता ने यूपी 112 पर घटना की सूचना दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और पिता पुत्री को लेकर थाने चली आई। जहां पिता ने तीन के खिलाफ नामजद तहरीर दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया और नामजद अभियुक्तों की तलाश में जुट गई।
एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि शनिवार की रात्रि लगभग 09 बजे थानाध्यक्ष बरदह व उनकी टीम द्वारा मुख्य आरोपी विकास गिरी दरियापुर बसही को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान विकास के बायें पैर में गोली लगी है। इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा व बाइक बरामद की है। घटना के दो अन्य आरोपित नितेश गौड़ और अजय गौड़ निवासी दरियापुर बसही को पुलिस ने आज रविवार को गिरफ्तार किया है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट, गुण्डा एक्ट व हिस्ट्रीशीट कार्रवाई की जाएगी।
No comments