Breaking Reports

जलशक्ति राज्यमंत्री व सांसद निरहुआ ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का किया दौरा, स्थानीय लोगों में बांटी राहत सामग्री


आजमगढ़ : सगड़ी तहसील के अंतर्गत 100 से अधिक गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिसके कारण स्थानीय लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। नदी ने वर्ष 1998 के बाढ़ के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। सरयू नए रिकॉर्ड पर पहुंच गई है। गुरुवार को दोपहर 12 बजे तक घाघरा का जलस्तर बदरहुआ गेज पर 73.31 मीटर पर रहा जबकि 1998 में 72.98 मीटर के रिकॉर्ड पर था। यहां खतरा बिंदु 71.68 मीटर पर है। नदी प्रति घंटे 2 सेमी बढ़ रही है। यहां के रहने वाले लोगों के लिए नाव ही एक सहारा है। साथ ही साथ पशुओं के चारे की समस्या खड़ी हो गई है। जगह-जगह महुला गढ़वल बांध में रिसाव शुरू हो गया है।

 गुरुवार को जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद, सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ के साथ प्रशासन ने चक्की हाजीपुर, देवारा खास राजा, झंडी का पूरा आदि गांव का दौरा कर वहां की समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री रामकेश निषाद का कहना है कि जुलाई और अगस्त महीने में बाढ़ आती है। उसकी तैयारी पूरी की गई है। इस बार अक्टूबर में बाढ़ आई इसके बाद भी प्रशासन लगा हुआ है। जहां कहीं भी सीपेज की समस्या आ रही है, उसे दुरूस्त कराया जा रहा है, जहां पर भी बाढ़ का पानी बस्तियों में घुसा है वहां पर राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा है, जिससे किसी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े।

सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ का कहना है कि बाढ़ आते ही दवा से लेकर जो सुविधा होनी चाहिए उसके लिए प्रशासन अलर्ट है। इसके साथ ही बाढ़ प्रभावित इलाके में बंधे को ऊंचा किया जाता है। बंधे को पत्थर से इंटरलाकिंग कराया जा रहा है। मेन बंधे पर सभी को अलर्ट कर दिया गया है, जिससे जनता को किसी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े। राहत सामग्री के वितरण में चना दाल, बिस्कुट, नमक, चावल 10, तेल मासिक, आलू 10 कुल 100 लोगो में राहत सामग्री का वितरण किया गया।

No comments