प्रेमिका ने पूर्व प्रेमी के साथ मिलकर प्रेमी को उतारा मौत के घाट, फिर...
आजमगढ़ : मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मैगापुर गांव में नहर किनारे एक युवक का शव दफन मिला था। पुलिस ने इस मामले का पर्दाफाश कर दिया। युवक की हत्या फावड़े से प्रहार कर की गई थी। घटना को मृतक की प्रेमिका ने ही अपने पूर्व प्रेमी की मदद से अंजाम दिया था। पुलिस ने आला कत्ल की बरामदगी के साथ ही दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।
बिलरियागंज थाना क्षेत्र के छिछोरी गांव निवासी राम (22) पुत्र हरिनाथ दो फरवरी की सुबह छह बजे घर से निकला था और लापता हो गया था। परिजनों ने अपने स्तर से खोजबीन के बाद तीन फरवरी को थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराया था। पांच फरवरी को मैगापुर गांव स्थित नहर के पास बकरी चरा रहे ग्रामीणों ने मिट्टी में दफन एक शव देखा। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को बाहर निकलवा कर शिनाख्त की कवायद में जुट गई।
कुछ ही देर में शव की पहचान राम पुत्र हरिनाथ निवासी छिछोरी थाना बिलरियागंज के रुप में की गई। इसके बाद पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने कई टीमों को जांच में लगाया। 72 घंटे के अंदर ही पुलिस ने मंगलवार को हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
एसपी ग्रामीण राहुल रूसिया ने बताया कि मैगापुर गांव निवासिनी रूबीना से मृतक का प्रेम प्रसंग काफी दिनों से चल रहा था। रूबीना ने राम पर शादी का दबाव बनाया तो उसने इंकार कर दिया। इसी से क्षुब्ध होकर रूबीना ने अपने पूर्व प्रेमी रविंद्र कुमार निवासी बगहीडाड की मदद से राम की फावड़े से प्रहार कर हत्या कर दिया और फिर शव को नहर के पास मिट्टी में दबा दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और इनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया गया है।

No comments