Breaking Reports

फेसबुक पर विदेशी महिला बनकर 18 लाख की साइबर ठगी, वांछित साइबर अपराधी गिरफ्तार



आजमगढ़ : फेसबुक पर विदेशी महिला बनकर लोगों से दोस्ती कर महंगे गिफ्ट व करोड़ों रुपये देने के बहाने 18 लाख की साइबर ठगी करने वाले गैंग के वांछित साइबर अपराधी को जिले की साइबर पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से 50 हजार रुपये, दो लैपटॉप व आईफ़ोन बरामद किया है। अभियुक्तों के बैंक खातों व साइबर अपराध से कमाई हुई सम्पत्तियों के बारे में जाँच की जा रही है।

साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक विमल प्रकाश राय ने बताया, 19 अक्टूबर 2022 को सिधारी निवासी राजेश कुमार ने साइबर क्राइम थाना में प्रार्थना पत्र दिया कि फेसबुक पर विदेशी महिला लूसी चार्लोट ने दोस्ती कर 25,000 UK Pound व महंगे उपहार देने के नाम पर मुझसे करीब 18 लाख रूपये की साइबर धोखाधड़ी की हैं। जिसकी सूचना के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच की गयी तो नवादा व नालन्दा बिहार के अंतर्राज्यीय साइबर गैंग के 07 अभियुक्तों का नाम प्रकाश में आया था, जिसमें 05 अभियुक्तों को पूर्व में बिहार राज्य के नवादा व नालंदा से गिरफ्तार किया गया था। मुख्य अभियुक्त की तलाश की जा रही थी।

गत बुधवार को मुख्य अभियुक्त सिविल इंजीनियर धीरज सिंह पुत्र मोहन सिंह निवासी  K.H.No.1273, गली नं. 15K, ब्लाक स्वरूप नगर, लिबासपुर नार्थ वेस्ट दिल्ली व स्थायी पता ग्राम भटौला थाना हरदुआगंज पोस्ट शेखुपुर जलाली जिला अलीगढ़ उत्तर प्रदेश को मोबाइल लोकेशन के आधार पर कानपुर देहात के रनिया थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। धीरज के पास से दो लैपटॉप, एक आई फ़ोन, 4 ATM कार्ड व अन्य आई कार्ड बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को आजमगढ़ लाकर सी.जे.एम.कोर्ट में प्रस्तुत किया गया है। अभियुक्तों के अन्य बैंक खातों व साइबर अपराध से कमाई हुई सम्पत्तियों के बारे में जाँच की जा रही है।

साइबर क्राइम थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त धीरज सिंह 01 वर्ष पूर्व बुरारी दिल्ली में रहता था, जहाँ उससे नेपाल का रहने वाला अमन शाह व अभिषेक से मुलाकात हुई और उसी के साथ मिलकर गिफ्ट फ्रॉड व फाइनेंस के नाम पर साइबर ठगी करना सिखा था। उपरोक्त मुकदमे में विदेशी महिला बनकर फेसबुक पर दोस्ती कर UK Pound व महंगे उपहार देने के नाम पर अधिवक्ता शुल्क, कस्टम शुल्क, फाइल शुल्क इत्यादि के नाम पर करीब 18 लाख रूपये की साइबर ठगी भी पूर्व में जेल गए साथियों द्वारा मिलकर की गयी थी। जाँच के दौरान ज्ञात हुआ की गिरफ्तार अभियुक्त धीरज सिंह के 13 बैंक खाते अलग अलग बैंको में खोले गये है जिनकी गहराई से जाँच की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त धीरज सिंह ने बताया कि इस अपराध में अमन शाह की महिला मित्र सोनिया जो दिल्ली की रहने वाली है, वह सहयोग करती है।

No comments