Breaking Reports

शीला मौर्या की हत्या मामले में पुलिस ने नामजद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया


आजमगढ़ : रौनापार थाना क्षेत्र के पांडेय का पुरा लख्मी रोहुवार गांव के पास सोमवार को दिन में महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने आज इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ने इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में चौकी प्रभारी महुला को निलंबित कर दिया था। मृतका के पति की तहरीर पर पांच के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया था।

लख्मी रोहुवार पांडेय का पुरा गांव में दो पक्षों के बीच काफी समय से भूमि विवाद चल रहा था। चार-पांच दिन पूर्व भी विवाद हुआ था और मामला पुलिस तक भी पहुंचा था। जिसमें पुलिस ने दोनों पक्षों के चार-पांच लोगों का 151 में चालान कर दिया था। इसके बाद सोमवार को दिन में एक पक्ष की शीला मौर्या अपने पति अभिमन्यु मौर्या के साथ लाटघाट बाजार से घर जा रही थी। रास्ते में रोक कर विपक्षियों ने दोनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पति तो सड़क किनारे स्थित गड्ढे में गिर गया, जिससे वह बच गया लेकिन शीला के पेट, सिर व पैर में कई जगहों पर हमलावरों ने वार किया। जिससे उसकी मौत हो गई।

इस मामले में अभिमन्यु मौर्या की तहरीर पर पुलिस ने पांच के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। नामजद किए गए लोगों में स्वामीनाथ, अतुल, विपुल, विवेक व मुस्कान शामिल है। इसमें दो आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की कवायद में जुटी है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस ने तीन टीम लगाया है। वहीं एसपी अनुराग आर्य ने इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में चौकी प्रभारी महुला को निलंबित कर दिया था।

आज बुधवार को प्रभारी निरीक्षक मय हमराह द्वारा स्वामीनाथ पाण्डेय, विपुल पाण्डेय, विवेक पाण्डेय व मुस्कान पाण्डेय निवासीगण ग्राम पाण्डेय का पूरा लख्मी रोहूवार थाना रौनापार को बखालिश मोड़ नहर पुलिया जीयनपुर थाना क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। विवेक पाण्डेय के पास से घटना में प्रयुक्त आला कत्ल एक चाकू बरामद किया गया।

No comments